Babita Dhakad News: राजस्थान की राजधानी जयपुर से गिरफ्तार 38 वर्षीय महिला बबिता धाकड़ उर्फ खदीजा को लेकर जांच में कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। जांच एजेंसियों का दावा है कि महिला पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक कथित कमांडर से निकाह करना चाहती थी और इसके लिए पाकिस्तान जाने की तैयारी कर रही थी।
राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने महिला को गिरफ्तार कर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल उसे 27 जून तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, बबिता धाकड़ पिछले कई हफ्तों से सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों की निगरानी में थी। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की फॉरेंसिक जांच की गई, जिसमें पाकिस्तान के कई संदिग्ध नंबर और संपर्क सामने आए।
जांच एजेंसियों का कहना है कि महिला सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) से जुड़े कई लोगों के संपर्क में आई थी। इसी दौरान उसकी बातचीत ऐसे लोगों से हुई, जिनके आतंकी संगठनों से संबंध होने का संदेह है। रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला की पहचान ‘अबू उबैदा’ नाम के एक व्यक्ति से हुई थी। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रही और महिला ने पूछताछ में बताया कि उनके बीच भावनात्मक संबंध बन गए थे। महिला का दावा है कि अबू उबैदा उससे निकाह करना चाहता था। जांच में यह भी सामने आया है कि महिला को इस्लाम की जानकारी लेने, नमाज पढ़ने और कुरान का अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया गया। एजेंसियों का आरोप है कि ऑनलाइन माध्यम से उसका धर्म परिवर्तन भी कराया गया था।
एफआईआर के मुताबिक, महिला को पाकिस्तान बुलाकर जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करने का प्रस्ताव दिया गया था। इसके लिए उसे पासपोर्ट बनवाने और नेपाल, सऊदी अरब या संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास्ते पाकिस्तान पहुंचने की योजना बताई गई थी। यात्रा और अन्य खर्चों के लिए क्रिप्टोकरेंसी के जरिए पैसे भेजने पर भी बातचीत हुई थी। जांचकर्ताओं का दावा है कि महिला ने अपने भारतीय मोबाइल नंबरों पर आने वाले ओटीपी (OTP) भी पाकिस्तान में बैठे लोगों के साथ साझा किए थे। इन नंबरों का इस्तेमाल सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अकाउंट चलाने के लिए किया जा सकता था।
महिला के मोबाइल फोन से कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े चैट, वीडियो और कई संपर्क विवरण भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा जांच में यह भी पता चला है कि उसने इंटरनेट पर विस्फोटक बनाने से संबंधित जानकारी भी खोजी थी। हालांकि पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की विस्तृत तकनीकी जांच अभी जारी है। सभी तथ्यों और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। जानकारी के मुताबिक, बबिता धाकड़ पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर है। उसकी शादी साल 2018 में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद पति से उसका अलगाव हो गया था। अब जांच एजेंसियां उसके सभी संपर्कों और गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...