
Woman declared witch : झारखंड के हज़ारीबाग ज़िले में एक विधवा महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर उसके साथ क्रूरता की शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोपियों ने महिला के घर में घुसकर उसे निर्वस्त्र कर पीटा, ब्लेड से उसके शरीर के कई हिस्से काटे, खून निकाला और तांत्रिक क्रियाएं कीं। इसके बाद उसे जबरन बिहार के गया ले जाकर उसका सिर मुंडवा दिया गया। डायन मुक्ति के नाम पर महिला और उसके बेटे से 30,000 रुपये भी वसूले गए। घटना हज़ारीबाग के बरही थाना क्षेत्र के जदिया गांव की है।
ब्लेड से शरीर पर मारे गए कट
पीड़िता रविवार रात बरही थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि शुक्रवार शाम गांव के सात लोग उसके घर पहुंचे और उस पर डायन होने का आरोप लगाकर उसे बाहर निकाल दिया। उसके कपड़े उतार दिए गए। फिर उसकी पिटाई की गई और ब्लेड से उसके शरीर को काटा गया और खून निकाला गया। खून से तांत्रिक क्रियाएं की गईं।
घर से जबरन उठाया, मारपीट की और सिर मुंडवा दिया
इसके बाद आरोपी उसे जबरन घर से ले गए। बरही से उसे गया जिले के प्रेतशिला ले जाया गया और उसका सिर मुंडवा दिया गया। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी बार-बार यही कहते रहे कि उसे ‘डायन-बिसाही’ से मुक्ति दिलाई जा रही है। इसी नाम पर महिला और उसके बेटे से 30,000 रुपये भी वसूले गए।
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
शनिवार रात करीब 10 बजे आरोपी महिला को बरही बाजार में छोड़कर फरार हो गए। वह किसी तरह अपने घर लौटी। डरी-सहमी महिला ने रविवार रात हिम्मत जुटाई और बरही थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा कि इस अमानवीय कृत्य में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...