Site icon Dainik Savera Times

महिलाओं की ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था मजबूत करे महिला आयोग : रेखा गुप्ता

नई दिल्ली : महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली महिला आयोग की बैठक में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए आयोग को ऑनलाइन शिकायत व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों का सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कॉलेजों में छात्राओं के बीच साइबर अपराध और पॉक्सो कानून को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि छात्राओं को ऑनलाइन उत्पीड़न, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, साइबर ठगी और अन्य डिजिटल अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जानी चाहिए। साथ ही, किसी घटना के सामने आने पर शिकायत कहां और किस माध्यम से दर्ज कराई जा सकती है, इसकी जानकारी भी उन्हें उपलब्ध कराई जाए।

रेखा गुप्ता ने कहा कि घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, यौन शोषण और उत्पीड़न जैसी शिकायतों के लिए महिलाओं को सरल और भरोसेमंद व्यवस्था मिलनी चाहिए। ऑनलाइन शिकायत प्रणाली ऐसी हो, जिसमें महिला आसानी से अपनी शिकायत दर्ज करा सके और उसके मामले की प्रगति की जानकारी भी समय-समय पर प्राप्त कर सके। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने पर भी जोर दिया।

Exit mobile version