हिसार। आज मजदूर दिवस के मौके पर श्रमिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए श्रम विभाग ने दिशानिर्देश जारी किए। विभाग ने निर्माण, औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
गर्मी में दी आराम की सलाह
श्रमिकों के लिए अब नए निर्देश हैं। इसमें दोपहर के समय ज्यादा गर्मी होने पर उनको आराम की सलाह दी गई है। साथ ही ज्यादा गर्मी के दौरान काम नहीं करवाने की एडवाइजरी जारी की है। श्रम विभाग ने सलाह जारी करते हुए कहा है कि सभी कार्यस्थलों पर श्रमिकों को हीटवेव से संबंधित बीमारियों की पहचान और बचाव के प्रति जागरूक किया जाए। निर्माण स्थलों और औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत मजदूरों को विशेष रूप से सतर्क रहने की आवश्यकता बताई गई है।
पीने के पानी की होनी चाहिए व्यवस्था
निर्देशों के अनुसार सभी कार्यस्थलों पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही श्रमिकों को राहत देने के लिए शेड और कूलिंग एरिया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे कि वे गर्मी से बचाव कर सकें। श्रम विभाग ने स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया है, खासकर असंगठित क्षेत्रों और बस्तियों में। इसके अलावा, कार्यस्थलों पर आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत उपचार संभव हो सके।
काम के समय में भी होगा बदलाव
भीषण गर्मी के मद्देनजर श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव करने की भी सलाह दी गई है। दोपहर के सबसे गर्म समय में काम से बचा जाए और कार्य को सुबह या शाम के अपेक्षाकृत ठंडे समय में शिफ्ट किया जाए, जिससे श्रमिकों की सेहत सुरक्षित रह सके और उत्पादकता भी बनी रहे। श्रम विभाग हिसार के इंस्पेक्टर विनोद ने कहा कि बढ़ती गर्मी में श्रमिकों को हीटवेव से बचाने के लिए श्रम विभाग की ओर से सलाह जारी की गई है। सभी से अपील है कि उसका ध्यान करते हुए गर्मी से बचाव रखें।
Also Read :
Also Read :
Also Read :
Also Read :

