World champion D Gukesh : विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश को दुनिया के नंबर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को हराकर पूरे देश को गौरवान्वित करने पर देशभर से बधाई मिल रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब अभिनेता धनुष ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि वह देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
रविवार को गुकेश ने नॉर्वे शतरंज 2025 टूर्नामेंट में क्लासिकल फॉर्मेट में कार्लसन को हराकर बड़ी जीत हासिल की। यह जीत दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी के खिलाफ क्लासिकल शतरंज मैच में उनकी पहली जीत थी।
अभिनेता धनुष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुकेश को बधाई दी। उन्होंने लिखा, ‘दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी को हराने और पूरे देश को गौरवान्वित करने के लिए डी गुकेश को बहुत-बहुत बधाई। आपका धैर्य सराहनीय है और सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।’
Many congratulations to @DGukesh on beating world no.1 and making the whole nation proud.
Your composure after your victory is very commendable and inspiration to everyone
— Dhanush (@dhanushkraja) June 2, 2025
PM मोदी ने भी की थी तारीफ़-
धनुष से पहले सोमवार को नॉर्वे शतरंज 2025 में कार्लसन पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाले गुकेश की प्रधानमंत्री मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर शेयर की गई पोस्ट के जरिए तारीफ की थी। उन्होंने नॉर्वे के दुनिया के नंबर एक और पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन पर उनकी शानदार जीत की तारीफ की थी।
पीएम मोदी ने लिखा था, ‘बेहतरीन प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ शानदार जीत के लिए गुकेश को बहुत-बहुत बधाई! नॉर्वे शतरंज 2025 के छठे राउंड में मैग्नस कार्लसन के खिलाफ यह उनकी पहली जीत है, जो उनकी प्रतिभा और समर्पण को दर्शाता है। हम भी उन्हें आगे के सफर के लिए शुभकामनाएं देते हैं!’
मौजूदा विश्व चैंपियन भी हैं गुकेश-
भारत के 19 वर्षीय शतरंज स्टार गुकेश मौजूदा विश्व चैंपियन भी हैं। गुकेश ने अपने करियर में पहली बार क्लासिकल फॉर्मेट में कार्लसन को हराया। इस उपलब्धि के लिए उन्हें खूब तारीफें मिल रही हैं। इस मैच में कार्लसन के रिएक्शन की भी खूब चर्चा हुई, जिन्होंने हारने के बाद हताशा में अपना हाथ टेबल पर पटक दिया। आमतौर पर अपने शांत और संयमित खेल के लिए मशहूर कार्लसन का यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। यह गुकेश की जीत की अहमियत को भी बयां करता है।

