Site icon Dainik Savera Times

भारत में चीनी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ का X अकाउंट बैन, ऑपरेशन सिंदूर पर गलत रिपोर्टिंग पर उठाया कदम

नई दिल्ली: भारत सरकार ने चीन के सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ के X (पहले ट्विटर) अकाउंट को भारत में बैन कर दिया है। यह फैसला तब लिया गया जब ग्लोबल टाइम्स ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर झूठी और भ्रामक जानकारी साझा की।

ग्लोबल टाइम्स चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़ा मीडिया प्लेटफॉर्म है, जिसे अक्सर सरकारी प्रचार फैलाने वाला माना जाता है। हाल ही में ग्लोबल टाइम्स ने एक रिपोर्ट छापी थी जिसमें कहा गया था कि पाकिस्तान एयरफोर्स (PAF) ने भारत के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। इस रिपोर्ट में “पाकिस्तानी सेना के अज्ञात सूत्रों” का हवाला दिया गया था। भारत ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया और इसे झूठी खबर बताया।

 

गलत सूचना फैलाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें: भारतीय दूतावास
बीजिंग में भारतीय दूतावास के आधिकारिक X अकाउंट से ग्लोबल टाइम्स को टैग करते हुए पोस्ट किया गया, “प्रिय @globaltimesnews, कृपया इस तरह की गलत सूचना फैलाने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें और अपने स्रोतों की जांच करें।” दूसरे पोस्ट में कहा गया, “कई पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया अकाउंट्स ऑपरेशन सिंदूर को लेकर झूठे दावे कर रहे हैं। जब मीडिया बिना पुष्टि के ऐसी बातें आगे बढ़ाता है, तो यह पत्रकारिता की नैतिकता का उल्लंघन होता है।”

इसके अलावा भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश को लेकर भी तनाव बढ़ा है। चीन ने हाल ही में अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों को नए चीनी नाम देने की कोशिश की, जिसे भारत ने पूरी तरह से खारिज कर दिया। भारत ने साफ कहा है कि अरुणाचल प्रदेश हमेशा भारत का हिस्सा था, है और रहेगा, और चीन की ये हरकतें इस सच्चाई को नहीं बदल सकतीं।

Exit mobile version