Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ कार्यक्रम 11-12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होगा: प्रधानमंत्री मोदी 

November 24, 2024

‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ कार्यक्रम 11-12 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होगा: प्रधानमंत्री मोदी 
Young Leaders Dialogue : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि 11-12 जनवरी को दिल्ली में ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मोदी ने कहा कि यह पहल उन युवाओं को राजनीति से जोड़ने के प्रयासों का हिस्सा है जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।
अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 116वीं कड़ी में मोदी ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की 162वीं जयंती बहुत ही विशेष तरीके से मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 11-12 जनवरी को दिल्ली के भारत मंडपम में ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने लाल किले की प्राचीर से ऐसे युवाओं से राजनीति में आने की अपील की जिनके परिवार की कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। ऐसे एक लाख युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए देश में कई विशेष अभियान चलाए जाएंगे। विकसित भारत युवा नेता संवाद ऐसी ही एक पहल है।’’
मोदी ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की भी सराहना की और कहा, ‘‘एनसीसी का नाम हमें स्कूल एवं कॉलेज के दिनों की याद दिलाता है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्वयं एनसीसी कैडेट रहा हूं, इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि इससे मुझे जो अनुभव मिला वह मेरे लिए अमूल्य है। एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना पैदा करती है।’’
अपने रेडियो कार्यक्रम के दौरान मोदी ने लोगों से उन प्रवासी भारतीयों की प्रेरक कहानियों का जश्न मनाने का भी आह्वान किया, जिन्होंने विश्व स्तर पर अपनी छाप छोड़ी, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान दिया और ‘‘हमारी विरासत’’ को संरक्षित किया।
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी कहानियों को ‘प्रवासी भारतीय कहानियां’ हैशटैग के साथ ‘नमो ऐप’ या ‘माईजीओवी’ पर साझा करें।’’ मोदी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की मदद करने में भारत की ‘युवा शक्ति’ की करुणा और ऊर्जा सराहनीय है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें