नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक ऐसा अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां जिस युवक का अंतिम संस्कार कर दिया गया था, वही कुछ दिन बाद अचानक जिंदा घर लौट आया। उसे देखकर परिवार वाले और गांव के लोग दंग रह गए।
क्या है पूरा मामला?
सूरजपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के एक कुएं में शनिवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर आसपास के गांवों में उसकी पहचान के लिए सूचना भेजी। उसी दौरान चंदरपुर (ढुंढरा) गांव के निवासी पुरषोत्तम के परिजनों को यह खबर मिली।
पुरषोत्तम दो दिन पहले घर से लापता हुआ था और उसकी तलाश चल रही थी, जब परिवार ने पुलिस द्वारा मिले शव को देखा, तो उन्होंने उसे पुरषोत्तम के रूप में पहचान लिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ये भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश: एक और बस में लगी आग, ड्राइवर की समझदारी से बची लोगों की जान
परिवार वाले बेटे की मौत से गमगीन थे। रिश्तेदार घर पर जुटे हुए थे और क्रियाकर्म चल रहा था। इसी बीच अचानक खबर आई कि पुरषोत्तम तो जिंदा है और घर लौट आया है। पहले तो किसी को भरोसा नहीं हुआ, लेकिन जब वह सचमुच सामने आया, तो हर कोई दंग रह गया।
पुलिस के सामने नई पहेली
अब पुलिस के सामने बड़ा सवाल है कि आखिर जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह किसका था? पुलिस ने बताया कि मृतक के कपड़े और बाकी सामान सुरक्षित रखे गए हैं। इन्हीं के आधार पर उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान की कोशिश की जाएगी। अगर परिवार चाहे तो कब्र से शव को निकालकर डीएनए जांच कराई जा सकती है, जिससे सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।
ये भी पढ़ें: हरियाणा वोटर लिस्ट में शामिल ब्राजीली मॉडल आई सामने, कर दिए 3 बड़े खुलासे
पुलिस जांच में जुटी
यह घटना अब पूरे सूरजपुर जिले में चर्चा का विषय बन गई है। लोग पुलिस की लापरवाही और पहचान प्रक्रिया पर सवाल उठा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने केस दोबारा खोल दिया है और जांच शुरू कर दी है कि कुएं में मिला शव आखिर किसका था और वह वहां कैसे पहुंचा।

