Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जनरल बोगी में सीट को लेकर मारपीट, युवक की मौत… RPF कर्मी बने रहे तमाशबीन

June 20, 2026

दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जनरल बोगी में सीट को लेकर मारपीट, युवक की मौत… RPF कर्मी बने रहे तमाशबीन

Delhi Railway Station: दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की जनरल बोगी में सीट पाने को लेकर हुए विवाद में एक यात्री की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर हुई, जब हरिद्वार जाने वाली योगा एक्सप्रेस स्टेशन पर पहुंची थी।

आरोपियों ने पंकज को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीटा

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पंकज धामा ट्रेन की जनरल बोगी में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सीट और चढ़ने को लेकर उनकी कुछ अन्य यात्रियों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ लोगों ने पंकज के साथ मारपीट शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पंकज को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मौके पर मौजूद आरपीएफ (रेलवे सुरक्षा बल) के एक जवान ने पंकज को भीड़ से छुड़ाया, लेकिन बाद में उन्हें प्लेटफॉर्म पर ही छोड़ दिया गया।

 

पंकज जमीन पर पड़े रहे, तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया

बताया जा रहा है कि पंकज जमीन पर पड़े रहे, लेकिन उन्हें तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। लोगों की भीड़ वहां मौजूद रही, लेकिन किसी ने समय रहते उनकी मदद नहीं की। बाद में उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और पंकज को जीटीबी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मारपीट के दौरान आई गंभीर अंदरूनी चोटें उनकी मौत का कारण बनीं।

डीसीपी सचिन शर्मा का बयान 

नई दिल्ली रेलवे के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तथा वायरल वीडियो की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें