Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर युवक की हत्या

May 1, 2026

पुलिस चौकी से 50 कदम की दूरी पर युवक की हत्या

मंडी आदमपुर। कुछ अज्ञात लोगों ने पेंटर प्रदीप की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी। इंदिरा कॉलोनी के प्रदीप की हत्या से सनसनी फैल गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

घटना से माहौल तनावपूर्ण

घटना के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण है। पूछताछ शुरू हो गई है। घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अग्रोहा से डीएसपी किशोरी लाल, हिसार जीआरपी से डीएसपी कृष्ण कुमार, हिसार रेलवे एसएचओ श्याम सिंह, आदमपुर थाना प्रभारी एवं डीएसपी प्रिया शर्मा सहित पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सीन आफ क्राइम इंचार्ज डा. पूनम कत्याल और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ ओमप्रकाश शर्मा ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

काम पर जाने के लिए निकला था घर से

बताया जा रहा है कि प्रदीप का शव पुलिस चौकी के नजदीक पेड़ के पास चबूतरे पर था। रेलयात्रियों को लगा कि युवक पेड़ के नीचे लेटा है। सुबह सवा छह बजे जिम जाकर घर लौट रहे युवक सुग्रीव ने देखा और किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए इसकी सूचना डायल-112 पर दी। मृतक के भाई अशोक कुमार ने बताया कि प्रदीप बुधवार को गांव मोडाखेड़ा में काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था।

परिवार ने रात को शुरू की खोज

रात तक घर नहीं लौटने पर पर उसकी तलाश शुरू की और सुबह उसकी हत्या का पता लगा। सुबह पड़ोसी मांगेराम ने प्रदीप की हत्या की होने की बात बताई तो वे मौके पर पहुंचे। देखा कि प्रदीप रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर-1 पर एक सूखे पेड़ के नीचे चबूतरे के पर था। उसके सिर में चोट के निशान थे। बताया जा रहा है कि मृतक प्रदीप इंदिरा कॉलोनी का निवासी था और क्षेत्र में अच्छी पहचान रखता था। घटना की सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर एकत्रित हो गए और रोष स्वरूप पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

एक बार शव उठाने से किया था मना

गुस्साए लोगों ने तो एक बार शव उठाने से मना कर दिया और मौके पर एसपी को बुलाने की मांग करने लगे। थोड़ी देर बाद डीएसपी किशोरीलाल मौके पर पहुंचे और जल्द कार्रवाई कर हत्यारोपितों को पकड़ने का आश्वासन दिया। उधर रेलवे के डीएसपी कृष्ण कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास लगे सीसी टीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। डीएसपी किशोरी लाल ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

अपराधियों को छोड़ा नहीं जाएगा : श्याम

इस संबंध में जीआरपी थाना प्रभारी श्याम सिंह का कहना है कि पुलिस ने मृतक प्रदीप के भाई अशोक के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मृतक का अग्रोहा मेडिकल कालेज में बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। अपराधी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Also Read :

Also Read :

 

Also Read :

Also Read :

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें