Dainik Savera Times

YouTube करीब 1 घंटे तक रहा डाउन, लाखों यूजर्स को आई परेशानी, कंपनी ने बताई समस्या के पीछे की असल वजह

YouTube

YouTube: दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो प्लेटफॉर्म्स में शुमार YouTube बुधवार सुबह करीब एक घंटे तक ठप रहा, जिससे लाखों यूजर्स वीडियो नहीं देख पाए। हालांकि अब प्लेटफॉर्म दोबारा सामान्य रूप से काम करने लगा है और वीडियो स्ट्रीमिंग बहाल हो चुकी है।

TeamYouTube ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि रिकमेंडेशन सिस्टम में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण YouTube के होमपेज समेत ऐप, YouTube Music और YouTube Kids पर वीडियो दिखाई नहीं दे रहे थे। फिलहाल होमपेज दोबारा लोड हो रहा है, लेकिन पूरी समस्या के समाधान पर काम जारी है।

ये भी पढ़ें- होली पर यात्रियों को रेलवे का तोहफा, चलाई जाएंगी 300 से अधिक स्पेशल ट्रेनें

 

सुबह 6:42 बजे शुरू हुई दिक्कत
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह लगभग 6:42 बजे (भारतीय समयानुसार) यूजर्स को दिक्कत आनी शुरू हुई। कई लोगों ने शिकायत की कि ऐप खोलते ही ‘Something went wrong’ का एरर मैसेज दिख रहा था। कुछ यूजर्स के अकाउंट अपने आप लॉगआउट हो गए और टीवी ऐप पर दोबारा लॉगिन करने के लिए कहा जा रहा था।

आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट Downdetector के अनुसार, अमेरिका में करीब 2.8 लाख से अधिक यूजर्स ने सेवा बाधित होने की रिपोर्ट दर्ज की। इनमें से 56 प्रतिशत को ऐप पर, 21 प्रतिशत को वेबसाइट पर और 11 प्रतिशत को वीडियो स्ट्रीमिंग व अकाउंट लॉगआउट से जुड़ी समस्याएं आईं।

भारत में भी असर
भारत में भी बड़ी संख्या में यूजर्स प्रभावित हुए। Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 6:47 बजे तक 14 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज हो चुकी थीं, जबकि कुछ मिनट पहले यह संख्या 18 हजार के करीब पहुंच गई थी। भारत में कुल शिकायतों में से लगभग 72 प्रतिशत यूजर्स ने ऐप में तकनीकी गड़बड़ी की बात कही। वहीं 17 प्रतिशत ने वीडियो स्ट्रीमिंग में समस्या और 11 प्रतिशत ने वेबसाइट एक्सेस करने में परेशानी की सूचना दी।

ये भी पढ़ें- इन 3 राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी, पहाडों में बर्फबारी, किसानों को सावधान रहने की सलाह!

 

कंपनी ने क्या कहा?
YouTube की सपोर्ट टीम ने माना कि कुछ यूजर्स को प्लेटफॉर्म एक्सेस करने में समस्या आई है। उन्होंने कहा कि उनकी टीमें कारण की जांच कर रही हैं और जल्द से जल्द सेवा को पूरी तरह स्थिर किया जाएगा। Google Support पर भी सुबह 7:24 बजे एक अपडेट जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि कंपनी इस समस्या से अवगत है और समाधान पर काम कर रही है।

अब स्थिति सामान्य
करीब एक घंटे की बाधा के बाद YouTube पर वीडियो स्ट्रीमिंग सामान्य हो गई है। हालांकि कंपनी ने यह स्पष्ट किया है कि बैकएंड सिस्टम को पूरी तरह स्थिर करने की प्रक्रिया अभी जारी है।

तकनीकी गड़बड़ी के इस संक्षिप्त दौर ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर निर्भरता कितनी बढ़ चुकी है, जहां कुछ मिनट की रुकावट भी वैश्विक स्तर पर लाखों यूजर्स को प्रभावित कर सकती है।

Exit mobile version