Last Updated: October 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जिस दिन केंद्र में ‘आप’ की सरकार बनेगी, उस दिन भ्रष्टाचार बंद हो जाएगा : Cm Mann

April 28, 2024

जिस दिन केंद्र में ‘आप’ की सरकार बनेगी, उस दिन भ्रष्टाचार बंद हो जाएगा : Cm Mann

मोगा/बाघापुराना/जालंधर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार शाम को बाघापुराना में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र के लोगों से आप उम्मीदवार करमजीत अनमोल को अपना संसद प्रतिनिधि चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि करमजीत और मैं दोनों ईमानदार और मेहनती लोग हैं। हम सामान्य पृष्ठभूमि से आए और मनोरंजन के क्षेत्र में पहचान बनाई। अब मेरा एकमात्र लक्ष्य लोगों की सेवा करना है। करमजीत को संसद में अपनी आवाज बनने का मौका दें। सभा को संबोधित करते हुए मान ने सुखबीर बादल और अकाली दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उन्होंने धर्म का इस्तेमाल अपने निजी फायदे के लिए किया।



उन्होंने इसे ढाल के तौर पर हमेशा इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इन राजनीतिक दिग्गजों को हराना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन यह लोगों का प्यार और समर्थन है जिसने इसे संभव बनाया। उन्होंने कहा कि बादल जो बोए वही काट रहे हैं। उनकी वर्तमान स्थिति उनके बुरे कर्मो का परिणाम है। अब वे ‘परिवार बचाओ यात्र’ निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी उनकी लड़ाई केंद्र से, तानाशाह भाजपा से, राज्यपाल आदि से है। इसलिए उन्हें और अधिक ताकत की जरूरत है। हमें और अधिक ताकत और साहस देने के लिए पंजाब की सभी 13 सीटें दें।

मान ने कहा कि अकाली दल को वोट देने का मतलब बेअदबी के लिए जिम्मेदार लोगों को वोट देना है। वहीं पंजाब में कांग्रेस नाउम्मीद है। वो आपस में ही लड़ते रहते हैं, उनके पास आम लोगों की समस्याओं के लिए समय नहीं है। मान ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा और कहा कि चुनाव के समय उन्होंने सिलैंडर के दाम 100 रुपए सस्ते कर दिए, जबकि उन्होंने ही पहले दाम 1,000 रुपए प्रति सिलैंडर तक पहुंचा दिया था। उन्होंने कहा कि पंजाब में आप सरकार ने लीकेज रोकी और भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई। उन्होंने कहा कि जिस दिन केंद्र में आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी, उस दिन भ्रष्टाचार बंद हो जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें