Site icon Dainik Savera Times

आप पूरे आत्मविश्वास के साथ चुनाव में उतरेगी : मनीष सिसोदिया

LG Permission ED Prosecute Kejriwal

LG Permission ED Prosecute Kejriwal

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने सोमवार को जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र में अपने दफ्तर का उद्घाटन किया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी पूरे आत्मविश्वास के साथ आगामी चुनावों में उतरेगी। हमारे पास दिल्ली के लिए एक मजबूत एजेंडा है और हम अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में लगातार लोगों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं।

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि भाजपा का आत्मविश्वास टूट चुका है, क्योंकि न तो उनके पास कोई मजबूत नेतृत्व है, न ही मुद्दे और न ही दिल्ली के लिए कोई ठोस एजेंडा। आप की टीम दिल्ली के लोगों के लिए काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार है और पार्टी का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के रूप में है, जो जनता के विश्वास पर खरा उतरने का काम कर रहे हैं।

आप की ओर से महिला अदालतों के आयोजन पर सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने महिलाओं के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। इनमें किराया माफ करना, बसों में मार्शल लगाना, सीसीटीवी कैमरे लगवाना और लड़कियों को शिक्षा देने जैसे कदम शामिल हैं। इसके अलावा, अरविंद केजरीवाल अब एक और बड़ा कदम उठा रहे हैं, जिसके तहत महिलाओं के बैंक अकाउंट में 2,100 रुपये हर महीने भेजे जाएंगे। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह महिलाओं की आर्थकि स्थिति को और सशक्त बनाएगा।

मुख्यमंत्री आतिशी द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखे जाने पर सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने भाजपा को यह जिम्मेदारी दी थी कि वह कानून-व्यवस्था को ठीक करेंगे, लेकिन वह इस जिम्मेदारी को निभाने में विफल रही। दिल्ली के लोग अब जवाब मांग रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली के स्कूलों और अस्पतालों में सुधार किए, 24 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की, लेकिन केंद्र की भाजपा सरकार दिल्ली की कानून-व्यवस्था ठीक करने में नाकाम रही।

आप ने पटपड़गंज विधायक मनीष सिसोदिया को इस बार जंगपुरा विधानसभा सीट से टिकट दिया है। कार्यालय के उद्घाटन के मौके पर मनीष सिसोदिया के साथ इस दौरान उनकी पत्नी सीमा सिसोदिया भी मौजूद थीं। आप ने दिल्ली की सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।

Exit mobile version