Site icon Dainik Savera Times

पुरानी पेंशन बेहाल, 5 हजार रुपए भत्ता… अखिलेश यादव ने 2027 के लिए खोला वादों का पिटारा

Akhilesh Yadav opens the box of promises for 2027

Akhilesh Yadav opens the box of promises for 2027

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी का चुनावी घोषणा पत्र जारी कर युवाओं, किसानों, महिलाओं, कर्मचारियों और वंचित वर्गों के लिए वादों की लंबी फेहरिस्त पेश की।

‘जन-मन घोषणा-पत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ के जरिए सपा ने रोजगार, आरक्षण, सामाजिक न्याय और आर्थिक सुरक्षा को अपने चुनावी एजेंडे के केंद्र में रखा है। सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में 10 लाख सरकारी पदों को तत्काल भरने का निर्णय लिया जाएगा। रोजगार मिलने तक पात्र बेरोजगार स्नातकों को हर महीने पांच हजार रुपए भत्ता देने और किसानों की कर्जमाफी का वादा किया है।

‘युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे’

अखिलेश यादव ने लखनऊ में घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे। सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के साथ भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेरोजगार स्नातकों को नौकरी मिलने तक हर महीने पांच हजार रुपए का पोषण भत्ता दिया जाएगा। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए पेपर लीक की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होगी। ऐसी घटनाओं के लिए संबंधित मंत्री और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। सरकारी भर्तियों की परीक्षाएं तीन से छह महीने के भीतर कराने और नियुक्तियों में अनावश्यक देरी रोकने का भी वादा किया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में सपा ने 26 हजार बंद प्राथमिक विद्यालयों को फिर से खोलने, 12वीं पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने और प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू करने की घोषणा की है। पार्टी ने गरीब और पीडीए वर्ग के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराने तथा कौशल विकास के जरिए रोजगार से जोड़ने की बात कही है। इसके साथ ही आवासीय छात्रावासों के निर्माण और शहरी रोजगार गारंटी कानून लाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

किसानों को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता दी

किसानों को अपने चुनावी एजेंडे में प्रमुखता देते हुए अखिलेश यादव ने कर्जमाफी और प्रदेश की 23 फसलों के साथ दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने का वादा किया। फसल खराब होने की स्थिति में किसानों को मूल्य क्षतिपूर्ति देने की व्यवस्था की जाएगी। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा, जिससे गन्ने का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने का दावा किया गया है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए घोषणा-पत्र में डेढ़ लाख करोड़ रुपए खर्च करने का प्रस्ताव है। इसके तहत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने और न्यू विलेज क्लस्टर विकसित करने की योजना शामिल की गई है।

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश का विकास योजनाबद्ध तरीके से किया जाएगा और तहसील स्तर तक फोरलेन सड़कों से संपर्क स्थापित किया जाएगा। सामाजिक न्याय और पीडीए की राजनीति को धार देने के लिए सपा ने सरकारी ठेकों में आरक्षण का भी बड़ा वादा किया है। पार्टी के मुताबिक, 50 करोड़ रुपए तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग को 50 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा जातिगत जनगणना शुरू कराने और उसकी रिपोर्ट के आधार पर सामाजिक सुरक्षा तथा विकास की योजनाएं तैयार करने की बात कही गई है। दलित समुदाय के विकास के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दलित विकास परिषद गठित करने का प्रस्ताव रखा गया है। यह परिषद दलितों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान से जुड़ी योजनाओं की निगरानी करेगी। पार्टी ने गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की रक्षा के लिए विशेष कदम उठाने का भी वादा किया है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी घोषणा-पत्र में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं।

बुजुर्ग महिलाओं को पेंशन देने का वादा

सपा ने बुजुर्ग महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपए पेंशन देने का वादा किया है। बुजुर्ग कारीगरों को भी इतनी ही वार्षिक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए वृद्धाश्रम और क्लब स्थापित करने की बात कही गई है। महिलाओं और अल्पसंख्यकों के खिलाफ जघन्य अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का भी वादा किया गया है। गरीबों और वंचित वर्गों को सस्ती खाद्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में समाजवादी कैंटीन स्थापित की जाएंगी। इनमें पांच रुपए में भोजन उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में पीडीए और गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण इलाज, दवाएं, भोजन और रहने की सुविधा मुफ्त देने का प्रस्ताव रखा गया है। कैंसर संस्थान को पूरी क्षमता से संचालित करने और वहां शोध कार्य शुरू कराने के साथ गरीब मरीजों के मुफ्त उपचार का भी वादा किया गया है।

पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की घोषणा

सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए अखिलेश यादव ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की घोषणा की। इसके अलावा पार्टी ने सरकारी नियुक्तियों को समयबद्ध बनाने और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जवाबदेही तय करने का वादा किया है।

सरकार बनने के बाद अपराध को बर्दास्त नहीं करेंगे

कानून-व्यवस्था और जमीनों पर अवैध कब्जों के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर गुंडागर्दी, माफियागिरी, जमीनों पर अवैध कब्जे, अवैध वसूली, धमकी और महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति, धर्म या राजनीतिक दल से जुड़ा हो, उसे जेल भेजा जाएगा। भूमाफिया और जमीनों पर कब्जे की शिकायतों से निपटने के लिए अलग विशेष कार्यबल (एसटीएफ) बनाने का भी ऐलान किया गया। यह टीम विशेष रूप से जमीनों से जुड़े विवादों और अवैध कब्जों पर कार्रवाई करेगी। गरीबों, दलितों और अल्पसंख्यकों की जमीनों को प्रभावशाली लोगों के कब्जे से बचाना इसकी प्राथमिकता होगी।

इसके लिए अलग रंग की गाड़ियों से टीम की पेट्रोलिंग कराए जाने का भी प्रस्ताव है। बुनियादी ढांचे और शहरी विकास का उल्लेख करते हुए अखिलेश ने लखनऊ के गोमती रिवरफ्रंट को सपा सरकार की उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि यदि रिवरफ्रंट का काम एक किलोमीटर और पूरा हो गया होता तो गोमती शहर के भीतर साफ बहने वाली पहली नदी होती। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने लखनऊ में अस्पताल, स्टेडियम, आईटी सिटी और अन्य बुनियादी परियोजनाओं के जरिए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने का काम किया था।

भाजपा पर हमला 

भाजपा पर राजनीतिक हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन आने का इंतजार करते-करते लोग थक चुके हैं और अब बुरे दिन जाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग भी बदलाव को महसूस कर रहे हैं, इसलिए उनकी भाषा बदलने लगी है। अखिलेश यादव ने घोषणा पत्र को केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास और सामाजिक बदलाव का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपने पिछले घोषणा-पत्रों में किए गए वादों को पूरा किया है और सरकार बनने पर नई जरूरतों के मुताबिक अतिरिक्त फैसले भी लिए जाएंगे।

Exit mobile version