Maharashtra Political News : महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार ने उप मुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को एक और झटका दे दिया है। सरकार ने शिंदे के करीबी सहयोगी को राज्य के एक महत्वपूर्ण पद से हटाने का फैसला किया है। एकनाथ शिंदे के इस सहयोगी का नाम अजय अशर है। अशर को महाराष्ट्र इंस्टिट्यूट फॉर ट्रांसफॉर्मेशन (MITRA) के उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया है। MITRA को महाराष्ट्र सरकार ने नीति आयोग की तर्ज पर बनाया था।एक मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक NCP विधायक दिलीप वलसे पाटिल और भाजपा विधायक राणा जगजीत सिंह पाटिल MITRA के दो नए उपाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। वहीं, शिवसेना के राजेश क्षीरसागर को उपाध्यक्ष के पद पर बरकरार रखा गया है। राजेश राज्य योजना आयोग के कार्यकारी अध्यक्ष भी हैं। उन्हें साल 2022 में अशर के साथ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
MITRA के अध्यक्ष हैं मुख्यमंत्री फडणवीस
पूर्व आईएएस अधिकारी प्रवीण परदेशी MITRA के सीईओ हैं। सीएम फडणवीस MITRA के अध्यक्ष हैं। जबकि उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री सह-अध्यक्ष हैं। नीति आयोग की तर्ज पर स्थापित किया गया ये थिंक टैंक डेटा एनालिसिस पर ध्यान केंद्रित करता है। इससे विभिन्न क्षेत्रों पर रिसर्च के आधार पर निर्णय लेने में मदद मिलती है।
साल 2022 में अजय अशर को बनाया था MITRA का उपाध्यक्ष
बता दें कि साल 2022 में सरकार बनाने के बाद से शिंदे ने प्रमुख बिल्डर और अशर ग्रुप के चेयरमैन अजय अशर को MITRA का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था। उन्हें इस पद से हटाए जाने के कदम ने राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलों को हवा दे दी है। राजनीति की समझ रखने वाले कई लोग इसे उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के लिए एक इसे बड़ा झटका बता रहे हैं।