Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने की मांग, केजरीवाल बोले- तेल कंपनियों को फायदा पहुंचा रही मोदी सरकार

July 9, 2026

पेट्रोल-डीजल के दाम घटाने की मांग, केजरीवाल बोले- तेल कंपनियों को फायदा पहुंचा रही मोदी सरकार

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं घटाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि इसका फायदा आम लोगों को मिलने के बजाय तेल कंपनियों को हो रहा है।

82 रुपये प्रति लीटर हो पेट्रोल की कीमत, केजरीवाल की मांग 

केजरीवाल ने मांग की कि सरकार तुरंत पेट्रोल की कीमत 102 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 82 रुपये प्रति लीटर करे। उन्होंने कहा कि इसी तरह डीजल की कीमतों में भी उचित कमी की जानी चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में काफी गिरावट आई है, लेकिन भारत में मई महीने से पेट्रोल की कीमतें लगभग 102 रुपये प्रति लीटर पर बनी हुई हैं। उनके मुताबिक, जब कच्चा तेल सस्ता हो गया है तो देश में पेट्रोल और डीजल के दाम भी कम होने चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर ईंधन सस्ता होगा तो इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होने से माल ढुलाई की लागत घटेगी, जिससे खाने-पीने की चीजों और रोजमर्रा के सामान की कीमतों में भी कमी आ सकती है। इससे महंगाई पर भी असर पड़ेगा और लोगों की जेब पर बोझ कम होगा।

केजरीवाल ने केंद्र पर लगाए गंभीर आरोप

उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2014 से अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कई बार बड़ी गिरावट आई, लेकिन सरकार ने उसका पूरा लाभ जनता तक नहीं पहुंचाया। उन्होंने सवाल उठाया कि जब तेल सस्ता हुआ तो सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम उसी अनुपात में क्यों नहीं घटाए।

केजरीवाल ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण तेल कंपनियां ज्यादा मुनाफा कमा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता से ज्यादा कीमत वसूलकर कंपनियों को इस तरह का “अवैध मुनाफा” कमाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि ईंधन की कीमतों में जल्द कटौती कर आम लोगों को महंगाई से राहत दी जाए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें