Site icon Dainik Savera Times

Bengal Election 2026: ‘BJP आई तो सड़कों पर झाड़ू लगाएंगे गुंडे और माफिया’, गरजे सीएम योगी

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को फिर पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरे, जहां उन्होंने बाराबनी, रामपुरहाट और बोलपुर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस, वामपंथियों और तृणमूल कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करने के साथ भाजपा के विकास कार्यों को गिनाया।

सीएम योगी ने बंगाल की धरा पर तृणमूल कांग्रेस को चुनौती देते हुए मतदाताओं से कहा कि टीएमसी के गुंडे, माफिया क्या कह रहे हैं या कोई मौलाना क्या बक रहा है, आप किसी से भयभीत न होइए। डबल इंजन की भाजपा सरकार आने दीजिए, ये सभी आपकी चाटुकारिता करते और बंगाल की सड़कों पर झाड़ू लगाते दिखाई देंगे।

पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल स्पीड से समस्याओं का समाधान होगा

मुख्यमंत्री योगी ने मतदाताओं से कहा कि जब यहां मेरा कार्यक्रम लगा तो तृणमूल के गुंडे लोगों को परेशान करने लगे। सभा न होने पाए, इसके लिए भाजपा के झंडे उखाड़ने का भी प्रयास किया। आप लोग भाजपा प्रत्याशियों को जिताइए और डबल इंजन सरकार लाइए, हम टीएमसी का सूपड़ा साफ कर देंगे। पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल स्पीड से सारी समस्याओं का समाधान होगा। भाजपा ही सुरक्षा-समृद्धि, उज्ज्वल भविष्य की गारंटी है। उन्होंने कहा कि टीएमसी आज टेरर, माफियाराज व करप्शन का पर्याय बन चुकी है। इन लोगों ने आमजन, नौजवानों, बेटी-बहनों के सामने भय का माहौल पैदा किया है। टीएमसी के कारण सैंड माफिया, कोल माफिया, लैंड माफिया पैदा हुए। केंद्र से विकास के लिए, गरीबों के लिए जो पैसा आता है, उसे टीएमसी के गुंडे हजम कर जाते हैं।

अराजकता- माफियाराज को भाजपा समाप्त करेगी

सीएम योगी ने स्थानीय नागरिकों को विश्वास दिलाया कि बंगाल में दंगों, भय, अराजकता, माफियाराज को भाजपा समाप्त करेगी। सीएम ने कहा कि 9 साल पहले इससे भी बुरी स्थिति उत्तर प्रदेश की थी। वहां हर दूसरे-तीसरे दिन दंगा होता था। व्यापारी, बहन-बेटी असुरक्षित थी। गुंडागर्दी-अपराध चरम पर था, माफिया हावी थे। जनता के विकास के लिए आने वाले पैसे में डकैती पड़ती थी, लेकिन डबल इंजन की भाजपा सरकार ने इसका उपचार कर दिया। यूपी में अब कोई सड़क पर नमाज नहीं पढ़ सकता, मस्जिदों से माइक की आवाज और गोकशी नहीं होती, लव जिहाद-लैंड जिहाद की घटना नहीं होती।

ऐसी सख्त कार्रवाई होती है कि सात पीढ़ियां याद करती हैं। पर्व-त्योहार अब शांति से मनाए जाते हैं। अराजकता-गुंडागर्दी नहीं है, लेकिन बंगाल में गोतस्करी, गोहत्या, त्योहारों के पहले उपद्रव होते हैं। यूपी में रामजन्मभूमि के लिए आंदोलन चला। टीएमसी की पार्टनर समाजवादी पार्टी की सरकार ने रामभक्तों पर गोली चलवाई। यूपी में डबल इंजन सरकार आई तो अयोध्या में भगवान श्रीराम का सबसे बड़ा मंदिर बन गया, इसे कांग्रेस, सपा व टीएमसी रोक नहीं पाईं, क्योंकि मोदी हैं तो मुमकिन है।

यूपी में न कर्फ्यू है न दंगा है, वहां सब चंगा

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बुलडोजर माफिया की हड्डी-पसली ठीक कर देता है। माफिया की संपत्ति लेकर गरीबों व जनजातीय वर्ग के लिए आवास बनते हैं। यूपी में न कर्फ्यू है न दंगा है, वहां सब चंगा है। ममता दीदी को जयश्री राम नाम से नफरत है। वह दुर्गा पूजा नहीं होने देतीं। हिंदुओं के त्योहारों पर कर्फ्यू जैसा माहौल बना देती हैं। मुर्शिदाबाद में सरकार गुंडों-उपद्रवियों के साथ खड़ी थी। यहां दुर्गा पूजा व विसर्जन पर प्रतिबंध लग जाता है। कोलकाता हाईकोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस सरकार से कहा था कि दुर्गा पूजा में सुरक्षा नहीं दे पा रही हो। यूपी से बुलडोजर मंगा लो, इन गुंडों का उपचार वही कर सकता है।

Exit mobile version