Site icon Dainik Savera Times

‘बिहार को क्रिमिनल बैकग्राउंड वाला CM नहीं चाहिए’, बांकीपुर उपचुनाव में बढ़त के बाद बोले प्रशांत किशोर

bihar-does-not-want-cm-with-criminal-background-said-prashant-kishore

bihar-does-not-want-cm-with-criminal-background-said-prashant-kishore

पटना: जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली बढ़त को बिहार की जनता का बड़ा राजनीतिक संदेश बताया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं था, बल्कि बिहार के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के केंद्रीय नेतृत्व को यह संकेत दिया है कि राज्य को साफ छवि और विकास पर काम करने वाला मुख्यमंत्री चाहिए।

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रशांत किशोर बांकीपुर उपचुनाव में करीब 19,419 वोटों से आगे चल रहे हैं। उन्हें 59,213 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 39,794 वोट प्राप्त हुए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 13,260 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

यह जीत बांकीपुर की जनता की- प्रशांत किशोर 

मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जीत बांकीपुर की जनता की है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने लोगों से यही कहा था कि यह सिर्फ विधायक चुनने का चुनाव नहीं है, बल्कि बिहार के भविष्य का फैसला करने का मौका है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग ऐसे व्यक्ति को मुख्यमंत्री नहीं बनाना चाहते, जिसकी छवि खराब हो या जिस पर आपराधिक पृष्ठभूमि के आरोप हों। उनके अनुसार, राज्य की जनता ऐसा मुख्यमंत्री चाहती है जो शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करे और ऐसी व्यवस्था विकसित करे कि बिहार के युवाओं को नौकरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।

प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी अपील की कि वे आगामी लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के विकास पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार बढ़ाने, पलायन रोकने और शिक्षा की स्थिति सुधारने पर प्राथमिकता से काम होना चाहिए। उनका कहना था कि उनकी राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि बिहार का विकास करना है।

भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही बांकीपुर सीट 

बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती रही है। पहले इस सीट का प्रतिनिधित्व भाजपा नेता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने किया और बाद में उनके बेटे नितिन नबीन लगातार पांच बार यहां से विधायक चुने गए। वर्ष 1995 से यह सीट भाजपा के कब्जे में रही है। यह उपचुनाव इसलिए कराया गया क्योंकि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे चुके थे। 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने यह सीट 50 हजार से अधिक वोटों के अंतर से जीती थी। ऐसे में इसी सीट पर प्रशांत किशोर की बढ़त को भाजपा के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

गौरतलब है कि कई वर्षों तक विभिन्न राजनीतिक दलों के चुनावी रणनीतिकार के रूप में काम करने के बाद प्रशांत किशोर ने जन सुराज पार्टी की स्थापना की। उनकी पार्टी शिक्षा, रोजगार, सुशासन और विकास जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रही है। यदि बांकीपुर में उनकी बढ़त जीत में बदलती है, तो इसे जन सुराज के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जाएगा और बिहार की राजनीति में पार्टी की मजबूत मौजूदगी का संकेत भी होगा।

Exit mobile version