Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार की राजनीति में VIP के बाद VVIP की एंट्री, हेलीकॉप्टर बाबा ने बनाई नई पार्टी, जानें किसका बिगाड़ेगी खेल

June 28, 2025

बिहार की राजनीति में VIP के बाद VVIP की एंट्री, हेलीकॉप्टर बाबा ने बनाई नई पार्टी, जानें किसका बिगाड़ेगी खेल

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पटना में एक नई राजनीतिक पार्टी की घोषणा की गई, जिसका नाम विकास वंचित इंसान पार्टी (VVIP) है। पटना में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप निषाद उर्फ हेलीकॉप्टर बाबा ने पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह पार्टी शोषितों, पीड़ितों, दलितों, महादलितों, अत्यंत पिछड़ों एवं अल्पसंख्यकों के आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक उत्थान के लिए समर्पित रहेगी।

बिहार की राजनीति में पहले से ही विकासशील इंसान पार्टी (VIP) है, जो निषादों के हक और अधिकार की बात करती रही है। इसके बावजूद, प्रदीप निषाद ने नई पार्टी की घोषणा करते हुए कहा कि पार्टी में सभी जाति, धर्म और संप्रदाय के लोगों की पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। खासकर निषाद समाज की सभी उपजातियों को एक सूत्र में बांधकर उनके वाजिब हक और अधिकार दिलाने की दिशा में पार्टी काम करेगी।

पार्टी नेतृत्व में युवाओं और महिलाओं को अहम भूमिका दी जाएगी। विकास वंचित इंसान पार्टी का गठन किसी व्यक्ति विशेष या सत्ता की लालसा के लिए नहीं, बल्कि समाज के उन तबकों की आवाज बनने के लिए किया गया है, जिन्हें अब तक सिर्फ वोट बैंक समझा गया। निषाद समाज समेत दलित, अत्यंत पिछड़ा, अल्पसंख्यक और वंचित समुदायों के लोगों को उनका हक दिलाना ही पार्टी का उद्देश्य है।

पार्टी बिहार से शुरू होकर पूरे देश में समाज की अंतिम पंक्ति के लोगों को जोड़ने का काम करेगी। यह सिर्फ एक राजनीतिक आंदोलन नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव की मुहिम है। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और सभी वर्गों से इस आंदोलन से जुड़ने की अपील की।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी पूरे राज्य में संगठनात्मक ढांचा मजबूत करेगी और जनता की समस्याओं को लेकर सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। पार्टी का लक्ष्य है इंसानियत और विकास के साथ नया इतिहास रचना। इस अवसर पर पार्टी के प्रमुख नेताओं में राकेश कुमार (राष्ट्रीय महासचिव), आशीष दूबे (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) और आशीष साहनी (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष) उपस्थित रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें