Site icon Dainik Savera Times

Bihar Politics : चिराग पासवान के महागठबंधन में आने की चर्चा पर तेजस्वी ने कहा, समय बताएगा

पटना। लोकसभा चुनाव को लेकर बिहार में एनडीए में अब तक सीट बंटवारे को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। उहापोह की स्थिति बनी हुई है। इस बीच, सोमवार को लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान के महागठबंधन के साथ आने की चर्चा पर राजद के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि समय बताएगा।

पटना में पत्रकारों से चर्चा के दौरान बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी से जब चिराग के महागठबंधन के साथ आने के संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि हमलोग सभी को साथ लेकर चलते हैं। चिराग के आने पर स्वागत करने के विषय में पूछने पर तेजस्वी ने कहा कि यह समय बताएगा।

उन्होंने आगे कहा कि सभी लोग अच्छी तरह से जान गए हैं कि देश के लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। देश की जितनी भी संवैधानिक संस्थाएं हैं, उनको लगातार हाईजैक करने की कोशिश हो रही है। उल्लेखनीय है कि रविवार को हाजीपुर में आयोजित एक रैली में जमुई के सांसद चिराग पासवान ने कहा था कि उनका गठबंधन बिहार की जनता के साथ है।

Exit mobile version