Site icon Dainik Savera Times

‘अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा की चिंता हो रही’, दोषियों को जमानत मिलने से डरीं बिलकिस बानो

नई दिल्ली: गुजरात के चर्चित बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्याकांड मामले में सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश पर पीड़िता बिलकिस बानो ने गहरी नाराजगी और दुख जताया है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले के दो दोषियों को जमानत देते हुए उनकी उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया है। इस फैसले से बिलकिस बानो को एक बार फिर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होने लगी है।

बिलकिस बानो ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दूसरी बार ऐसा आदेश दिया है, जिसमें उन्हें न तो कोई जानकारी दी गई और न ही अदालत में अपनी बात रखने का मौका मिला। उन्हें इस फैसले की जानकारी भी मीडिया में प्रकाशित खबरों के जरिए मिली। सोमवार को उनकी वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा गुप्ता की ओर से जारी बयान में बिलकिस बानो ने कहा कि वह इस फैसले से बेहद दुखी और हैरान हैं। उन्हें अब भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी बात सुने बिना अदालत ने इतना बड़ा फैसला कैसे सुना दिया।

उन्होंने कहा, “मुझे अभी भी यकीन नहीं हो रहा है कि दूसरी बार सुप्रीम कोर्ट ने मुझे बुलाए बिना और मेरी बात सुने बिना आदेश दे दिया। मुझे इस बारे में प्रेस की खबरों से पता चला।”

19 साल की उम्र में झेला था दर्दनाक हादसा

बिलकिस बानो ने अपने बयान में 2002 के गुजरात दंगों के दौरान हुई उस दर्दनाक घटना को भी याद किया, जिसने उनकी जिंदगी बदल दी थी। उस समय उनकी उम्र महज 19 साल थी। उनके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया था और उनके परिवार के 14 सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। मरने वालों में उनकी तीन साल की बेटी सालेहा भी शामिल थी।

इस घटना के बाद बिलकिस बानो ने इंसाफ पाने के लिए लंबी कानूनी लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि पिछले 24 सालों से वह अपने साथ हुई ज्यादती के खिलाफ आवाज उठा रही हैं। इस लड़ाई में देशभर के लाखों लोगों ने उनका साथ दिया। बिलकिस ने बताया कि अदालतों में मिली जीत के बाद उन्होंने धीरे-धीरे अपनी जिंदगी को दोबारा संभाला और न्याय व्यवस्था पर उनका भरोसा फिर से मजबूत हुआ। लेकिन दोषियों को जमानत मिलने के नए आदेश ने उनके पुराने डर और दर्द को फिर से जिंदा कर दिया है।

दोषियों को जमानत मिलने से परिवार की सुरक्षा की चिंता

बिलकिस बानो ने कहा कि इस फैसले के बाद उन्हें एक बार फिर अपनी, अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर सताने लगा है। उन्होंने कहा, “आज मुझे ऐसा लग रहा है कि जिस इंसाफ के लिए मैंने इतनी लंबी लड़ाई लड़ी, वह फिर से मुझसे दूर हो रहा है। पुराने डर वापस लौट आए हैं। मैं एक बार फिर अपने लिए, अपने परिवार और अपने बच्चों के लिए डरी हुई हूं। मुझे डर है कि कहीं न्याय व्यवस्था पर मेरा भरोसा फिर से न टूट जाए।” उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने उनके साथ इतना गंभीर अपराध किया, उनकी सजा कैसे निलंबित की जा सकती है? अदालत ने उन्हें इसकी जानकारी क्यों नहीं दी और उनकी बात सुनने का मौका क्यों नहीं दिया?

बिलकिस बानो बोलीं- फैसले के खिलाफ लड़ाई जारी रखूंगी

बिलकिस बानो ने साफ कहा कि वह इस आदेश को चुनौती देंगी और इंसाफ की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ उनके लिए नहीं, बल्कि उनके बच्चों, अपनी दिवंगत बेटी सालेहा की याद और देशभर की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए है। उन्होंने अपने बयान में कहा, “मैं इस आदेश के खिलाफ लड़ूंगी। मुझे लड़ना ही होगा। मैं अपने बच्चों के लिए लड़ रही हूं, जिन्हें अपनी पूरी जिंदगी डर और दर्द के साए में नहीं बितानी चाहिए। मैं अपनी तीन साल की बेटी सालेहा के लिए लड़ रही हूं, जिसे जीने का पूरा हक था। मैं देश की हर महिला के लिए लड़ रही हूं।” उन्होंने आगे कहा कि किसी भी महिला, पीड़िता या नागरिक को अपनी बराबरी और सम्मान के अधिकार के लिए जिंदगीभर संघर्ष नहीं करना चाहिए। हर व्यक्ति को न्याय पाने का समान अधिकार मिलना चाहिए।

क्या है पूरा मामला?

बिलकिस बानो मामले में 11 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। अगस्त 2022 में गुजरात सरकार ने इन सभी दोषियों को समय से पहले रिहा कर दिया था। इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। जनवरी 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने गुजरात सरकार के रिहाई के फैसले को रद्द कर दिया था और दोषियों को वापस जेल जाने का आदेश दिया था। इसके बाद मामले के दो दोषियों ने बॉम्बे हाई कोर्ट के 2017 के फैसले को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की थी। बॉम्बे हाई कोर्ट ने अपने फैसले में दोनों की सजा और उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था।

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों दी दो दोषियों को जमानत?

28 अक्टूबर को जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की पीठ ने दोनों दोषियों की अपील पर सुनवाई करते हुए उन्हें जमानत दे दी और उनकी उम्रकैद की सजा को निलंबित कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में कहा कि दोनों दोषी 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं। इसके अलावा, उनमें से एक दोषी गंभीर शारीरिक विकलांगता से भी पीड़ित है।

सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि दोनों की अपील में ऐसे कानूनी और तथ्यात्मक सवाल उठाए गए हैं, जिन पर अदालत को आगे विचार करना होगा। इस आदेश के बाद बिलकिस बानो ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि वह एक बार फिर न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ेंगी। उनका कहना है कि यह संघर्ष सिर्फ उनके व्यक्तिगत इंसाफ का मामला नहीं है, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा से भी जुड़ा है।

Exit mobile version