Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

बंगाल में इस बार पक्का बदलाव, 5 मई को BJP मुख्यमंत्री शपथ लेंगे: अमित शाह का दावा

April 13, 2026

बंगाल में इस बार पक्का बदलाव, 5 मई को BJP मुख्यमंत्री शपथ लेंगे: अमित शाह का दावा

दुर्गापुर (पश्चिम बंगाल): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल के लोग बदलाव चाहते हैं और विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि 4 मई को चुनाव के नतीजे आने के बाद 5 मई को राज्य में BJP का मुख्यमंत्री शपथ लेगा।

बंगाल की जनता अब “पक्का बदलाव” लाने के मूड में: शाह 

अमित शाह यह बातें राज्य में अपने रोड शो के दौरान मीडिया से बातचीत में कह रहे थे। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब “पक्का बदलाव” लाने के मूड में है। इस दौरान उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर भी निशाना साधा। शाह ने आरोप लगाया कि ममता सरकार ने “सोनार बांग्ला” (समृद्ध बंगाल) के सपने को “सिंडिकेट राज” में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि BJP सत्ता में आने पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के सपनों के अनुसार बंगाल को विकसित करेगी।

BJP सरकार बनी तो घुसपैठियों बाहर निकाला जाएगा: शाह 

अमित शाह ने “मां, माटी, मानुष” के नारे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह अब “माफिया और बाहुबली” की राजनीति में बदल गया है। इसके अलावा उन्होंने सीमा सुरक्षा का मुद्दा उठाया और आरोप लगाया कि राज्य सरकार बॉर्डर पर बाड़ लगाने के लिए जरूरी जमीन नहीं दे रही है। उनका कहना था कि इससे घुसपैठ बढ़ती है। उन्होंने दावा किया कि अगर BJP सरकार बनी तो घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकाला जाएगा।

समान नागरिक संहिता लागू करेंगे: गृह मंत्री 

अमित शाह ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में कई फैक्ट्रियां बंगाल से बाहर चली गईं, जिससे युवाओं में बेरोज़गारी बढ़ी है। उन्होंने BJP के चुनावी वादों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी सत्ता में आने पर समान नागरिक संहिता (Uniform Civil Code) और 7वें वेतन आयोग को लागू करेगी। अंत में उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ममता सरकार को हटाकर एक नई सरकार चुनें, ताकि बंगाल को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया जा सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें