Site icon Dainik Savera Times

‘उत्तराखंड में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी’, हरिद्वार में अमित शाह का दावा

BJP will form government Uttarakhand for third time

BJP will form government Uttarakhand for third time

नेशनल डेस्क: उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य सरकार की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की कई पुरानी समस्याओं को एक-एक करके हल करने का संकल्प लिया है और इसी वजह से उत्तराखंड लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

अमित शाह ने भविष्य की राजनीति को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि साल 2026 में भाजपा-एनडीए पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में सरकार बनाएगी, जबकि 2027 में उत्तराखंड में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाएगी।

नागरिकता संशोधन कानून (CAA) पर भी बोले

कार्यक्रम में अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि आज पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए करीब 200 लोगों को भारत की नागरिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि जब CAA कानून लाया गया था, तब कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, तृणमूल कांग्रेस और डीएमके समेत कई पार्टियों ने इसका विरोध किया था। शाह ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए हिंदू शरणार्थियों का भारत पर उतना ही अधिकार है जितना देश के किसी भी नागरिक का है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इन लोगों को लंबे समय तक नागरिकता नहीं दी गई। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोध के बावजूद सरकार ऐसे लोगों को नागरिकता देती रहेगी।

विकास परियोजनाओं का उद्घाटन

अमित शाह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान करीब 1132 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में कई पुराने कानूनों को खत्म कर नई व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुराने आपराधिक कानूनों की जगह भारतीय न्याय संहिता लाई गई है और सरकार का लक्ष्य है कि साल 2028 तक इन नए कानूनों को पूरी तरह लागू कर दिया जाए।

उत्तराखंड आंदोलन का भी किया जिक्र

अपने भाषण में अमित शाह ने उत्तराखंड के इतिहास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब राज्य के लोग अपनी पहचान और अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। उत्तराखंड की संस्कृति और पहचान को बचाने के लिए युवाओं ने लंबी लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने राज्य के युवाओं की आवाज को दबाने का काम किया था। अमित शाह ने कहा कि आज भाजपा की सरकार राज्य के विकास, संस्कृति की रक्षा और जनता के हित में लगातार काम कर रही है।

Exit mobile version