Last Updated: October 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

देवभूमि का आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी : PM मोदी

April 2, 2024

देवभूमि का आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी : PM मोदी

उधमसिंह नगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि देवभूमि का आशीर्वाद उनकी बहुत बड़ी पूंजी है और यहां के प्रत्येक गांव से उन्हें मिले प्यार और आशीर्वाद के लिए वह बहुत-बहुत आभारी हैं। पीएम मोदी आगामी 19 अप्रैल को उत्तराखंड में प्रथम चरण के होने वाले चुनाव के मद्देनजर यहां अपनी पहली जनसभा के लिए पहुंचे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा ‘‘ लगता है यह चुनावी सभा नहीं, बल्कि विजय रैली है। ये जनसभा ऐसे क्षेत्र में हो रही है जिसे मिनी इंडिया कहा जाता है। मैं जब भी उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आता हूं खुद को बहुत धन्य महसूस करता हूं, इसलिए ही मेरे दिल की गहराई से एक बात निकली थी कि देवभूमि के ध्यान से ही मैं सदा धन्य हो जाता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘देवभूमि उत्तराखंड के प्रति भाजपा का जो प्रेम है जो अपनत्व है वो जग जाहिर है।

हमें उत्तराखंड को विकसित बनाना है, सबसे आगे लेकर जाना है और इसके लिए केंद्र की भाजपा सरकार कोई कसर बाकी नहीं छोड़ रही है।’’ उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल वर्षों में उत्तराखंड का जितना विकास हुआ है उतना आजादी के 65 साल में भी नहीं हुआ। आज उत्तराखंड हर तरह की कनेक्टिविटी से जुड़ रहा है। उत्तराखंड में भाजपा ने 12 लाख घरों तक पानी का कनेक्शन पहुंचाया है। मोदी ने कहा कि यहां की पांच लाख महिलाओं को निशुल्क उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया गया है। तीन लाख लोगों को स्वामित्व योजना के तहत जमीन के कागज सौंपे गए हैं। भाजपा ने उत्तराखंड के किसानों के खाते में 2200 करोड़ की धनराशि सीधे सौंपी है। उन्होंने कहा , ‘‘ इतने सारे काम कैसे होते हैं। जब नियत सही होती है तो ऐसे ही काम होते हैं। इसलिए मैं कहता हूं नियत सही तो नतीजे भी सही।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने भारत को तीसरी बड़ी आर्थिक ताकत बनाने की गारंटी दी है।

तीसरी आर्थिक ताकत का मतलब है नौकरी बढ़ेगी, गांव-शहर में सुविधा बढ़ेगी और इसका बहुत बड़ा लाभ मेरे उत्तराखंड को भी होगा।’’ प्रधानमंत्री ने कहा ‘‘बाबा केदार के आशीर्वाद से मेरे मुंह से निकला था कि यह दशक उत्तराखंड का होने वाला है। कमल निशान पर पड़ा आपका एक वोट इसी संकल्प को सशक्त करेगा। मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी। याद किजिए मैंने आपसे कहा था कि यहां एम्स का सैटेलाइट सेंटर बनेगा, मैंने ये गारंटी पूरी करके दिखाई।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें