नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह चर्चा में हैं। सोमवार को वह दिल्ली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान वह सोनिया गांधी के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। खास बात यह है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता हैं। ऐसे में कांग्रेस के बड़े कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू कर दी है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह का इस कार्यक्रम में पहुंचना इसलिए भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि BJP के नेता सोनिया गांधी की किताब में लिखी गई बातों को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। ऐसे समय में पार्टी के एक वरिष्ठ नेता का किताब लॉन्च में शामिल होना कई तरह की राजनीतिक अटकलों को जन्म दे रहा है।
BJP में अनदेखी को लेकर पहले भी जता चुके हैं नाराजगी
कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले कुछ समय से BJP में अपनी भूमिका और अनदेखी को लेकर नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। उन्होंने हाल ही में कहा था कि BJP में शामिल हुए उन्हें करीब चार साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान उन्हें पार्टी में कोई खास उपलब्धि हासिल नहीं हुई।उन्होंने पंजाब को लेकर BJP की रणनीति पर भी सवाल उठाए थे। कैप्टन का कहना था कि BJP पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों और वहां की व्यवस्था को अच्छी तरह नहीं समझती। पार्टी कभी अपने दम पर राज्य की सत्ता में नहीं रही है। ऐसे में उसे पंजाब के अनुभवी नेताओं से सलाह लेनी चाहिए।

कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर कैप्टन ने क्या कहा?
कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस नेताओं के साथ पुराने संबंधों और हालिया बयानों के बाद उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर भी चर्चा होने लगी है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने भी इस संभावना पर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह का राजनीतिक कद काफी बड़ा है और राजनीति में कुछ भी संभव है।
हालांकि, कैप्टन अमरिंदर सिंह पहले ही कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि उनकी राजनीति अब BJP के साथ है और वह कांग्रेस में वापस नहीं जाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि अगर सोनिया गांधी को व्यक्तिगत रूप से कभी उनकी जरूरत पड़ी, तो वह हमेशा उनके लिए उपलब्ध रहेंगे।
2027 के पंजाब चुनाव को लेकर भी दिया था संकेत
पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी बात रखी थी। उन्होंने संकेत दिया था कि स्वास्थ्य और अन्य कारणों से उनके लिए पटियाला से चुनाव लड़ना संभव नहीं हो सकता है। ऐसे में उनकी बेटी जय इंदर कौर चुनाव लड़ सकती हैं।
गौरतलब है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पंजाब की राजनीति के बड़े चेहरों में गिने जाते हैं। कांग्रेस से लेकर BJP तक उनका लंबा राजनीतिक सफर रहा है। अब सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी और BJP को लेकर पहले दिए गए बयानों ने पंजाब की राजनीति में एक नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, फिलहाल उन्होंने BJP छोड़ने या कांग्रेस में लौटने का कोई ऐलान नहीं किया है।