चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की मतगणना के रुझानों में विजय की पार्टी तमिला वेत्री कज़गम (TVK) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में पार्टी 117 के बहुमत आंकड़े के करीब पहुंच गई है और करीब 107 सीटों पर आगे चल रही है। यह TVK का पहला चुनाव है, जिसमें उसे बड़ी सफलता मिलती दिख रही है।
विजय के घर जश्न
जैसे ही रुझानों में बढ़त सामने आई, विजय के घर पर जश्न शुरू हो गया। उनके परिवार के सदस्य माता-पिता, बच्चे और रिश्तेदार साथ बैठकर टीवी पर नतीजे देख रहे थे और खुशी में ‘व्हिसल पोडू’ गाना गाते और सीटी बजाते नजर आए। इस दौरान उनके करीबी लोग भी मौजूद रहे।
DMK और AIADMK को झटका
TVK की इस बढ़त से द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) की लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। वहीं ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) भी पीछे चल रही है। अन्य पार्टियों की स्थिति की बात करें तो, AIADMK- करीब 64 सीटों पर आगे, DMK- लगभग 44 सीटों पर, पट्टाली मक्कल काची (PMK), भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (INC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) कुछ सीटों पर आगे।
#WATCH | Tamil Nadu Elections 2026 | Family of TVK chief and actor Vijay blow whistles and celebrate at their residence, as the party continues its lead in the state. It is currently leading on 110 of the total 234 seats in the state. pic.twitter.com/EnVN6HouAQ
— ANI (@ANI) May 4, 2026
अपने दम पर सरकार बनाने का दावा
TVK के प्रवक्ता फेलिक्स गेराल्ड ने कहा कि पार्टी को किसी गठबंधन की जरूरत नहीं पड़ेगी और वह अपने दम पर सरकार बनाएगी। उन्होंने इसे साफ जनादेश बताते हुए कहा कि जनता ने भ्रष्टाचार और परिवारवाद के खिलाफ वोट दिया है।
विजय की सीटों पर बढ़त, सुरक्षा और जश्न का माहौल
विजय तिरुचिरापल्ली (ईस्ट) सीट से 6,000 से ज्यादा वोटों से आगे बताए जा रहे हैं। इसके अलावा पेरंबूर सीट पर भी उनकी बढ़त 10,000 से ज्यादा वोटों की बताई जा रही है। जैसे ही जीत के संकेत मिले, विजय के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। वहीं चेन्नई में पार्टी मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने झंडे लहराए, मिठाइयां बांटीं और जोरदार जश्न मनाया।
मतगणना जारी
सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू हुई है और भारत निर्वाचन आयोग ने अभी तक अंतिम नतीजे घोषित नहीं किए हैं। रुझान बताते हैं कि तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव हो सकता है। अगर ये बढ़त बरकरार रहती है, तो विजय की पार्टी पहली बार सत्ता में आकर नया इतिहास रच सकती है।

