Chhattisgarh : छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद व विधायक 13 फरवरी को प्रयागराज में महाकुंभ में स्नान करेंगे। साय ने यहां संवाददाताओं से कहा, 13 तारीख को मंत्रिमंडल के सभी सदस्य और पार्टी के विधायक महाकुंभ जा रहे हैं क्योंकि 144 वर्ष बाद ऐसा शुभ मुहूर्त आया है। हम सभी लोग पुण्य के भागी बनना चाहते हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री साय सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों, नेता प्रतिपक्ष और सभी विधायकों तथा सांसदों (लोकसभा व राज्यसभा) को 13 फरवरी को प्रयागराज में महाकुंभ में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष सिंह ने पत्र लिखकर कहा कि गंगा, यमुना और सरस्वती के त्रिवेणी संगम पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सनातन लोकतांत्रिक परंपराओं का अनुभव करने का अवसर प्राप्त होगा।
सनातन संस्कृति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक है
सिंह ने पत्र में लिखा कि इस महाकुंभ में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने भी छत्तीसगढ़ विधानसभा के सभी सदस्यों को आमंत्रित किया है। दोनों राज्यों के विधायकों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से यह आयोजन सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से और भी ऐतिहासिक होगा। रमन सिंह ने लिखा कि महाकुंभ न केवल आस्था का संगम है बल्कि यह सनातन संस्कृति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का जीवंत प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के जनप्रतिनिधियों की इसमें सहभागिता राज्य की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक एकता को और अधिक सुदृढ़ करेगी। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चरण दास महंत ने कहा कि उन्हें विधानसभा अध्यक्ष के कुंभ जाने से संबंधित आमंत्रण की जानकारी मिली है। लेकिन वह व्यक्तिगत कार्यों की वजह से इसमें शामिल नहीं हो सकेंगे। महंत ने कहा, विधानसभा अध्यक्ष के आमंत्रण की जानकारी मिली है। कुछ व्यक्तिगत कार्यों की वजह से मैं इसमें शामिल नहीं हो पाउंगा, लेकिन पार्टी (कांग्रेस) के विधायकों को इसमें शामिल होने से मना नहीं किया गया है। विधायक चाहें तब वह इसमें शामिल हो सकते हैं।

