Last Updated: September 30, 2026

Dainik Savera Times Logo

Cm Mann ने फरीदकोट से AAP उम्मीदवार करमजीत अनमोल के लिए किया प्रचार

May 20, 2024

Cm Mann ने फरीदकोट से AAP उम्मीदवार करमजीत अनमोल के लिए किया प्रचार

मोगा/जालंधर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फरीदकोट से आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार और मशहूर पंजाबी कलाकार करमजीत अनमोल के लिए चुनाव प्रचार किया। मान ने जैतो और मोगा में करमजीत अनमोल के साथ बड़ा रोड शो निकाला और फरीदकोट के लोगों से उन्हें जिताने की अपील की। रोड शो में आए लोगों के उत्साह को देखकर भगवंत सिंह मान ने कहा कि आपका प्यार और समर्थन मुझे कभी थकने नहीं देता। उन्होंने अन्य पार्टियों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मेरे ऊपर हर रोज प्यार और फूल बरसाए जाते हैं, वहीं अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस नेताओं से हाथ मिलाने के बाद लोग अपनी उंगलियां गिनकर यह सुनिश्चित करते हैं कि सब सुरक्षित है कि नहीं।

करमजीत अनमोल के साथ अपने संबंधों पर मान ने कहा कि करमजीत मेरा छोटा भाई है और बचपन का दोस्त है। हम दोनों इकट्ठे पढ़े और इकट्ठे कलाकारी में आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि करमजीत बेहद गरीब परिवार से निकलकर अपनी मेहनत और लगन की बदौलत यहां तक पहुंचा है। इसे जिताओ, यह आपके दुख दर्द को समझेगा और संसद में आपकी समस्याओं को उठाएगा। मान ने कहा कि हम जाति- धर्म के नाम पर वोट नहीं मांगते। हम अपनी सरकार के पिछले 2 सालों में किए कामों के नाम पर वोट
मांग रहे हैं। हमने पिछले 2 सालों में 43,000 नौजवानों को सरकारी नौकरियां दी। 90 फीसदी घरों के बिजली बिल मुफ्त किए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग आप सरकार के कामों से काफी प्रभावित हैं। मैं प्रचार के लिए जहां भी जाता हूं जनता खुद बोलती है कि जो काम 75 सालों में नहीं हुए वो काम हमारी सरकार ने सिर्फ 2 साल में कर दिए इसलिए लोगों ने इस बार आम आदमी पार्टी को 13-0 से जिताने का मन बना लिया है। फिर हम मिलकर पंजाब को दोबारा सोने की चिड़ियां बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सिर्फ 2 सालों में इतना काम इसलिए संभव हो सका क्योंकि हमारी नीयत साफ है। मेरे ऊपर कोई भी एक रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा सकता। मैं राजनीति में पैसे कमाने के लिए नहीं आया हूं।

पैसा कमाने का रास्ता तो मैं छोड़ कर आया हूं लेकिन जिन लोगों ने पंजाब का पैसा लूटा है। उसको मैं छोड़ंगा नहीं। उन्होंने कहा कि मुझे बस में, व्यापार में और होटल में हिस्सा नहीं लेना है। मैं तो बस 3 करोड़ पंजाबियों के दुख-दर्द में हिस्सा लेना चाहता हूं। उन्होंने पंजाब सरकार की घर-घर राशन योजना पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि किसी ने अफवाह उड़ा दी है कि सरकार की तरफ से सिर्फ आटा ही मिलेगा। ऐसा नहीं है। यह बिल्कुल गलत है। लोगों के पास दोनों विकल्प मौजूद है। वह आटा या गेहूं जो मर्जी हो, ले सकते हैं। मान ने सुखबीर बादल पर हमला बोला और कहा कि वह एसी में रहने वाले लोग हैं। वह टैम्परेचर पूछकर बाहर निकलते हैं। जब बाहर का टैम्परेचर 30-32 होता है तब वह 2 घंटे के लिए अपनी पंजाब बचाओ यात्र निकालते हैं। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल की एकमात्र रु चि सत्ता और धन-संपत्ति जमा करने में है।

भगवंत सिंह मान ने सुखपाल खैरा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि खैरा कहते हैं कि बाहरी राज्यों से पंजाब आने वाले लोगों पर रोक लगानी चाहिए, लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि पंजाब गुरु ओं की धरती है और हमारे गुरुओं ने हमें दूसरों का पेट भरना सिखाया है। वहीं, आप उम्मीदवार करमजीत अनमोल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और रोड शो में आए हजारों लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि मैं आपको भरोसा देता हूं कि जिस तरह मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं उसी तरह मैं फरीदकोट के लोगों लिए काम करूंगा। मैं इस क्षेत्र की सभी समस्याओं को संसद में उठाऊंगा और उसका समाधान करूंगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें