Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

सैम पित्रोदा के बयान पर बोले CM योगी: रंग और चमड़ी के आधार पर देश को बांटने का प्रयास कर रही कांग्रेस

May 9, 2024

सैम पित्रोदा के बयान पर बोले CM योगी: रंग और चमड़ी के आधार पर देश को बांटने का प्रयास कर रही कांग्रेस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा के ताजा बयान को भारत को रंग और चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास करार देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि इससे 140 करोड़ भारतवासियों का अपमान हुआ है और कांग्रेस को इसके लिये माफी मांगनी चाहिये। मुख्यमंत्री ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में पित्रोदा के बयान को लेकर कांग्रेस की तीखी आलोचना की। उन्होंने कहा, सैम पित्रोदा कांग्रेस के बुद्धिदाता हैं। वह कांग्रेस की बांटो और राज करो की नीति को बयान कर रहे हैं। कांग्रेस में सत्ता प्राप्ति की अतिलिप्सा है। पित्रोदा का बयान अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस सैम पित्रोदा के मुंह से जो बोलवा रही है, उसके लिए उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, कांग्रेस के लोग भारत को रंग एवं चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। यह देश के प्रति साजिश का पर्दाफाश होने के साथ ही कांग्रेस की बहुत खतरनाक मंशा भी है।

यह शर्मनाक और निंदनीय बयान भारत जैसे सनातन देश में 140 करोड़ भारतवासियों को अपमानित करने वाला है। राम मंदिर से जुड़े सैम पित्रोदा के बयान पर मुख्यमंत्री ने कहा ,‘‘ सैम पित्रोदा अपनी बुद्धि अपने पास ही रखें। उनके जैसे बुद्धिमान लोग कांग्रेस को मुबारक हों। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम भारत राष्ट्र के सांस्कृतिक एकता के आधार हैं।’’ पित्रोदा ने एक पॉडकास्ट में कहा था, हम भारत जैसे विविधतापूर्ण देश को एक साथ रख सकते हैं, जहां पूरब में लोग चीनी जैसे दिखते हैं, पश्चिम में लोग अरब जैसे दिखते हैं, उत्तर में लोग शायद गोरे जैसे दिखते हैं और दक्षिण में लोग अफ़्रीकी जैसे दिखते हैं।

उन्होंने कहा था, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हम सभी भाई-बहन हैं। हम अलग-अलग भाषाओं, अलग-अलग धर्मों, अलग-अलग रीति-रिवाजों, अलग-अलग खान-पान का सम्मान करते हैं। इससे पहले कुछ खबरों में पित्रोदा के हवाले से कहा गया था कि उन्हें यह बात परेशान करती है कि पूरा देश राम मंदिर पर अटका हुआ है। विवादित बयानबाजी को लेकर घिरे पित्रोदा ने बुधवार को इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें