Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Congress Protest: हिरासत में लिए गए राहुल और प्रियंका गांधी, PM आवास के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन

July 21, 2026

Congress Protest: हिरासत में लिए गए राहुल और प्रियंका गांधी, PM आवास के बाहर कर रहे थे प्रदर्शन

नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेस सांसदों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

कांग्रेस नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास लोक कल्याण मार्ग की ओर मार्च कर रहे थे। उनकी मांग थी कि NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में केंद्र सरकार जवाब दे और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।

 

वे डरे हुए हैं। हम उनसे नहीं डरते- प्रियंका गांधी 

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। इस दौरान राहुल गांधी को पुलिसकर्मी मौके से हटाकर बस में ले गए। कई अन्य कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया। हिरासत में लिए जाने के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “वे डरे हुए हैं। हम उनसे नहीं डरते, बल्कि वे हमसे डरते हैं।”

वहीं, पुलिस वैन के अंदर से कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह आंदोलन यहीं खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा, “यह राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नए आंदोलन की शुरुआत है। सरकार हमें जेल भेज सकती है या हमारे साथ सख्ती कर सकती है, लेकिन उसे उन लाखों छात्रों को जवाब देना होगा जिनका भविष्य पेपर लीक की वजह से प्रभावित हुआ है।” कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की हिरासत की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के न्याय के लिए लड़ रही है और जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

 

जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर क्या आरोप लगाए?

इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि राहुल गांधी बातचीत के दौरान अपनी बात से पीछे हट गए। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से वे और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन कांग्रेस नेताओं से बातचीत करने पहुंचे थे। जितेंद्र सिंह के अनुसार, शुरुआत में राहुल गांधी इस बात पर सहमत हो गए थे कि यदि सरकार संसद में NEET पेपर लीक और छात्र आंदोलन पर चर्चा के लिए तैयार हो जाती है, तो कांग्रेस अपना प्रदर्शन समाप्त कर देगी। लेकिन सरकार के चर्चा के लिए तैयार होने के बाद कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की नई मांग रख दी।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रदर्शन स्थल खाली करने से इनकार कर दिया, जबकि उन्हें बताया गया था कि वह स्थान प्रदर्शन के लिए निर्धारित नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार संसद में इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार थी, लेकिन कांग्रेस ने संसदीय नियमों के तहत औपचारिक नोटिस नहीं दिया।

 

गौरतलब है कि NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले और छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमला बोल रहा है। इसी मुद्दे पर संसद में भी कई बार हंगामा हुआ और विपक्ष ने विस्तृत चर्चा की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि केंद्र सरकार को परीक्षा विवाद और छात्रों के खिलाफ हुई कथित पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें