Site icon Dainik Savera Times

कांग्रेस ने अधिकारी की मौत को रहस्य करार दिया, सीबीआई जांच की मांग की

kerala news

kerala news

Kerala news : केरल में विपक्षी कांग्रेस ने बुधवार को कन्नूर के पूर्व अतिरिक्त जिलाधिकारी (एडीएम) नवीन बाबू की मौत के मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग करते हुए कहा कि घटना के पीछे के रहस्यों को उजागर किया जाना जरूरी है। 
कांग्रेस ने मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एलडीएफ) सरकार पर अधिकारी की मौत के लिए जिम्मेदार अपराधियों को बचाने का आरोप लगाया।

केरल उच्च न्यायालय का खटखटाया था दरवाजा
कांग्रेस द्वारा मामले की जांच केंद्रीय एजेंसी से कराने की मांग किये जाने से एक दिन पहले अधिकारी की विधवा ने केरल उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था और उनके पति की कथित आत्महत्या मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आग्रह किया था।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन ने यहां पत्रकारों से कहा कि एडीएम की पत्नी द्वारा दायर याचिका से साबित होता है कि मौत के संबंध में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ द्वारा लगाए गए आरोप सही थे।
उन्होंने अपना आरोप दोहराया कि वामपंथी सरकार इस घटना में पीड़ित या उसके परिवार के साथ नहीं बल्कि ‘अपराधियों’ के साथ है।

परिवार ने मौजूदा जांच को दिखावा करार दिया है – सतीशन
सतीशन ने आरोप लगाया, परिवार ने मौजूदा जांच को दिखावा करार दिया है। विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन बिना किसी आदेश के किया गया था। पुलिस नवीन बाबू को भ्रष्ट साबित करने की कोशिश कर रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि बाबू की मौत के पीछे कोई रहस्य है और इसलिए इसकी जांच केंद्रीय एजेंसी से कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मामले में कन्नूर जिलाधिकारी की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

Exit mobile version