Site icon Dainik Savera Times

भाकपा माले ने बिहार की तीन लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों के नामों का किया ऐलान

पटना। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी (भाकपा-माले) ने बिहार की तीन लोकसभा सीट पर अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाकपा माले ने शनिवार को आरा संसदीय क्षेत्र से विधायक सुदामा प्रसाद, काराकाट से पूर्व विधायक राजा राम सिंह और नालंदा संसदीय क्षेत्र से विधायक संदीप सौरभ को अपना उम्मीदवार बनाये जाने का ऐलान किया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और वामदलों के इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव एलाइंस (इंडी गठबंधन) में सीटों के तालमेल के तहत भाकपा-माले को आरा, काराकाट और नालंदा लोकसभा सीटें मिली हैं।
अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुदामा प्रसाद भोजपुर जिला के तरारी विधानसभा से भाकपा माले के विधायक हैं।

वह 2015 में पहली बार तरारी सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे और फिर 2020 के विधानसभा चुनाव में दोबारा निर्वाचित हुए। वहीं, नालंदा से प्रत्याशी संदीप सौरभ पटना जिला के पालीगंज से विधायक हैं जबकि काराकाट से माले प्रत्याशी राजाराम सिंह अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव हैं। वह 1995 और 2000 में औरंगाबाद जिला के ओबरा से दो बार विधायक भी रह चुके हैं। माले ने बिहार के अगिआंव विधानसभा उप चुनाव के लिए पार्टी के राज्य सचिव शिवप्रकाश रंजन को मैदान में उतारा है। 2020 के विधान सभा चुनाव में विजयी माले के मनोज मंजिल को हत्या मामले में सजा होने के बाद उनकी सदस्यता खत्म कर दी गई थी। इसके बाद इस सीट पर उप चुनाव हो रहा है।

Exit mobile version