Site icon Dainik Savera Times

सोनिया गांधी नागरिकता मामले में दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में सौंपी रिपोर्ट, 14 दिसंबर को अगली सुनवाई

Delhi Police submits report court Sonia Gandhi citizenship case

Delhi Police submits report court Sonia Gandhi citizenship case

नई दिल्ली: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी के भारतीय नागरिकता हासिल करने से पहले मतदाता सूची में नाम शामिल होने के आरोप से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने राउज एवेन्यू कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल की है। पुलिस ने रिपोर्ट में कहा है कि सोनिया गांधी वर्ष 1980 में भारतीय नागरिक नहीं थीं, लेकिन उस समय उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज था। उन्होंने वर्ष 1983 में भारतीय नागरिकता हासिल की थी।

पुलिस ने अदालत को बताया कि इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) और गृह मंत्रालय से की गई है। पुलिस ने दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से भी कुछ रिकॉर्ड मांगे हैं और उनके जवाब का इंतजार है। अदालत ने पुलिस को जांच पूरी करने के लिए समय दिया है। मामले की अगली सुनवाई 14 दिसंबर को तय की गई है।

याचिका में सोनिया पर क्या आरोप लगाए गए?

सोनिया गांधी के खिलाफ दाखिल याचिका में आरोप लगाया गया है कि उन्होंने 30 अप्रैल 1983 को भारतीय नागरिकता हासिल की थी, जबकि उनका नाम वर्ष 1980 की मतदाता सूची में शामिल था। याचिका में सवाल उठाया गया है कि नागरिकता हासिल करने से पहले उनका नाम नई दिल्ली की मतदाता सूची में किस आधार पर दर्ज किया गया था और इसके लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।

शिकायत में यह भी सवाल उठाया गया है कि वर्ष 1982 में सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची से हटाया क्यों गया और यदि वर्ष 1983 में नागरिकता हासिल की गई, तो उससे पहले मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए किन दस्तावेजों का सहारा लिया गया। याचिकाकर्ता ने इस प्रक्रिया में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल की आशंका जताई है।

कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से एटीआर मांगी थी 

इस मामले में इससे पहले 18 नवंबर को राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) मांगी थी। यह सुनवाई वर्ष 1980 की मतदाता सूची में सोनिया गांधी का नाम कथित तौर पर शामिल कराने के मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर दाखिल शिकायत पर हुई थी। शिकायतकर्ता और अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने अदालत में वर्ष 1980, 1981 और 1983 की सत्यापित मतदाता सूचियों की प्रतियां दाखिल की थीं। इससे पहले 6 नवंबर को अदालत ने शिकायतकर्ता को अतिरिक्त दस्तावेज दाखिल करने की अनुमति दी थी।

मामले की नए सिरे से सुनवाई हो रही है। इससे पहले 21 सितंबर को विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश को रद्द करते हुए मामले को पुनर्विचार के लिए वापस भेज दिया था। विशेष अदालत ने कहा था कि मजिस्ट्रेट का आदेश तर्कसंगत नहीं था और शिकायत पर कानून के अनुसार नए सिरे से विचार किया जाना चाहिए।

मजिस्ट्रेट कोर्ट के आदेश को अधिवक्ता विकास त्रिपाठी ने सेशंस कोर्ट में चुनौती दी थी। शिकायत में दावा किया गया था कि सोनिया गांधी का नाम नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में वर्ष 1980 में शामिल हुआ था, जबकि उन्होंने भारतीय नागरिकता वर्ष 1983 में हासिल की थी। आरोप के मुताबिक, उनका नाम वर्ष 1982 में मतदाता सूची से हटाया गया और बाद में फिर शामिल किया गया।

Exit mobile version