Site icon Dainik Savera Times

G-7 summit: 16 महीने बाद मोदी-ट्रंप की मुलाकात, भारत-अमेरिका रिश्तों पर रहेगी नजर

g-7-summit-modi-trump-meet-after-16-months

g-7-summit-modi-trump-meet-after-16-months

Modi-Trump meeting: फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं के बीच यह मुलाकात लगभग 16 महीने बाद हुई है। वैश्विक मंच पर हुई इस मुलाकात ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप जी-7 सम्मेलन की बैठक के लिए हॉल में मौजूद थे, तभी प्रधानमंत्री मोदी वहां पहुंचे। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए अभिवादन किया। इस दौरान दोनों के बीच करीब 50 सेकेंड तक बातचीत भी हुई। मुलाकात का माहौल बेहद दोस्ताना और सकारात्मक नजर आया।

यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में होर्मुज क्षेत्र में अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई में तीन भारतीय नागरिकों की मौत के बाद भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। इस मुद्दे पर भारत और अमेरिका के बीच कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति भी देखने को मिली थी। भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के सामने भारत की आपत्ति दर्ज कराई थी। इन घटनाओं के बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की यह पहली मुलाकात मानी जा रही है। दोनों नेताओं के बीच एक औपचारिक द्विपक्षीय बैठक भी निर्धारित है, जिसमें विभिन्न वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की उम्मीद है।

 

प्रधानमंत्री मोदी G-7 सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय दौरे पर फ्रांस पहुंचे हैं। यह लगातार सातवां अवसर है जब वह G-7 शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है। समिट के दौरान प्रधानमंत्री मोदी कई महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकों में भी हिस्सा लेंगे। उनके कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात करने का कार्यक्रम है।

इन बैठकों में व्यापार, निवेश, रणनीतिक साझेदारी, क्षेत्रीय सुरक्षा और वैश्विक चुनौतियों जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों द्वारा आयोजित विशेष गाला डिनर में भी अन्य विश्व नेताओं के साथ शामिल होंगे।जी-7 सम्मेलन में पीएम मोदी की मौजूदगी भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी मजबूत भागीदारी को भी दर्शाती है। वहीं, ट्रंप और मोदी की मुलाकात को भारत-अमेरिका संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Exit mobile version