गुवाहाटी: असम विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। जोरहाट सीट से गौरव गोगोई को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने 23,182 वोटों के बड़े अंतर से हराया। भारत निर्वाचन आयोग (ECI) के अनुसार, गोस्वामी को 69,439 वोट मिले, जबकि गोगोई को 46,257 वोटों से संतोष करना पड़ा। आखिरी राउंड तक गोगोई इस अंतर को कम नहीं कर सके।
पूरे राज्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है। पार्टी बहुमत के 64 के आंकड़े से काफी आगे निकल चुकी है और करीब 98 सीटों पर बढ़त के साथ सत्ता में वापसी तय मानी जा रही है। रुझानों के मुताबिक, BJP 79 सीटों पर आगे चल रही है। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस- 23 सीटों पर, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF)-10 सीट, असम गण परिषद (AGP)- 9 सीट, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) 2 सीट हासिल करती दिख रही है।
इस चुनाव में कांग्रेस अपने पारंपरिक वोट बैंक को वापस लाने में असफल रही। अहोम समुदाय, चाय बागान के आदिवासी और मुस्लिम वोटर्स जो कभी कांग्रेस के मजबूत समर्थक माने जाते थे। इस बार पार्टी से दूर नजर आए। यह नतीजे कांग्रेस नेतृत्व और रणनीति पर भी सवाल खड़े करते हैं।
BJP की यह जीत सिर्फ सत्ता में वापसी नहीं, बल्कि राज्य की राजनीति में उसकी मजबूत पकड़ का संकेत है। यह भी माना जा रहा है कि हिंदू वोटों का बड़ा एकजुट समर्थन पार्टी को मिला, जिससे चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल गए।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमवार शाम नई दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय पहुंचने की संभावना है, जहां पार्टी इस जीत का जश्न मना सकती है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...