Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

अनाथ हुए 3 बच्चों की मदद के लिए सरकार ने बढ़ाया हाथ

December 15, 2024

अनाथ हुए 3 बच्चों की मदद के लिए सरकार ने बढ़ाया हाथ

देहरादून/चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले के खैनुरी गांव में माता-पिता का साया खोने के बाद परेशानियों में जीवन यापन कर रहे तीन अनाथ बच्चों की मदद को राज्य सरकार या कहें मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने हाथ बढ़ाया है। मामला संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री ने संबंधित जिला प्रशासन के माध्यम से अनाथ बच्चों के भरण पोषण और सर्दी से बचाव के लिए आवश्यक सामग्री पहुंचाई है। रविवार को जिला प्रशासन की टीम खैनूरी गांव पहुंची और मुख्यमंत्री द्वारा बच्चों के लिए भेजी गई आवश्यक वस्तुएं उन्हें प्रदान की। साथ ही, इन अनाथ बच्चों के लिए सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिया है। खैनुरी गांव निवासी नैन सिंह की इसी वर्ष अक्तूबर माह में बीमारी से मृत्यु हो गई। वहीं उनकी पत्नी कुसम देवी की मृत्यु वर्ष 2020 में ही हो चुकी थी। ऐसे में उनकी दो बेटियां संजना और साक्षी के साथ ही बेटा आयुष बेसहारा हो गए। हालांकि गांव के ग्राम प्रधान वीरेंद्र सिंह के साथ ही ग्रामीणों की ओर से बच्चों को सहारा दिया जा रहा है। पर माँ-पिता का साया सर से उठने के चलते बच्चों के सम्मुख आर्थिक संकट खड़ा हो गया। यह जानकारी जब मुख्यमंत्री श्री धामी को मिली तो उन्होंने जिला प्रशासन को बच्चों की त्वरित सहायता करते हुए अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। जिस पर रविवार को उप राजस्व निरीक्षक अनुज बंडवाल के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने बच्चों के घर पहुंच कर सर्दी से बचाव के लिए बच्चों को कम्बल, गर्म कपड़े, फल और पोषण की अन्य सामग्री उपलब्ध कराई। इस दौरान राजस्व निरीक्षक ने बच्चों के आवास और शौचालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सरकार और प्रशासन की ओर से बच्चों को हर संभव मदद करने का भरोसा भी दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें