Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

NEET पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार सरकार, किरेन रिजिजू बोले- सकारात्मक बहस हो

July 22, 2026

NEET पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार सरकार, किरेन रिजिजू बोले- सकारात्मक बहस हो

नई दिल्ली: केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को कहा कि केंद्र सरकार NEET-UG पेपर लीक मामले पर संसद में विस्तार से चर्चा करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे सदन की कार्यवाही को बाधित करने के बजाय चर्चा के लिए सहमति बनाएं, ताकि इस अहम मुद्दे पर सार्थक बहस हो सके।

NEET पेपर लीक पर चर्चा के लिए तैयार सरकार

रिजिजू ने कहा कि यह मामला देश के लाखों छात्रों और युवाओं से जुड़ा है, इसलिए इस पर केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि गंभीर और सकारात्मक चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा के लिए तय नियम और प्रक्रिया होती है, उसी के तहत बहस कराई जाएगी। उन्होंने कहा, “सरकार ने पहले दिन से ही विपक्ष, लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को साफ कर दिया है कि वह NEET पेपर लीक और इससे जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार है। अब यह तय होना है कि चर्चा किस नियम के तहत और कितनी देर तक होगी।”

जनता को पता चले क्या कार्रवाई हुई- रिजिजू 

रिजिजू ने कहा कि संसद में चर्चा होने से देश की जनता को भी यह जानकारी मिलेगी कि सरकार ने पेपर लीक मामले में अब तक क्या-क्या कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर इस मुद्दे पर चर्चा ही नहीं होगी, तो लोगों तक सरकार की कार्रवाई की जानकारी कैसे पहुंचेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकार इस मामले में किसी तरह की देरी नहीं चाहती। इससे पहले लोकसभा में भी किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार पिछले तीन दिनों से लगातार इस मुद्दे पर चर्चा कराने का प्रस्ताव दे रही है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स मिलकर यह तय करें कि चर्चा कब, किस नियम के तहत और कितनी अवधि के लिए हो।

2 बजे तक लोकसभा स्थगित

वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी कहा कि सरकार NEET पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्षी दलों से चर्चा के एजेंडे पर सहमति बनाने की अपील की। हालांकि, विपक्ष के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित रही और लोकसभा को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें