
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को राज्यसभा में NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन का मुद्दा गूंजा। विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मामले पर चर्चा की मांग करते हुए कहा कि यह लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
सदन की कार्यवाही शुरू होते ही खड़गे ने सभापति से इस मुद्दे पर बोलने की अनुमति मांगी। उन्होंने कहा कि देशभर के लाखों छात्र NEET परीक्षा को लेकर चिंतित हैं और दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे हैं।
खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाने के लिए सरकार ताकत का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, “यह लाखों बच्चों के भविष्य का सवाल है। जंतर-मंतर पर हजारों छात्र जुटे हैं। वहां लाठीचार्ज हुआ है। सरकार उनकी आवाज़ दबाने और उन्हें वहां से हटाने की कोशिश कर रही है।” खड़गे के बयान के दौरान सदन में हंगामा शुरू हो गया। इसके बाद उपसभापति सी.पी. राधाकृष्णन ने राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
विपक्ष लगातार NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं और छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा कराने की मांग करता रहा। उधर, लोकसभा में भी इसी मुद्दे को लेकर विपक्षी सांसदों ने जोरदार नारेबाजी की। विपक्ष ने NEET विवाद के साथ-साथ कथित राम मंदिर चंदा गबन मामले पर भी चर्चा की मांग की। हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही भी दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
इस बीच, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किए जाने के आरोपों पर दिल्ली पुलिस ने अपनी सफाई दी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में पुलिस ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा या जबरन हिरासत में लेने जैसी कोई घटना नहीं हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर पर प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और पेशेवर तरीके से संभाला जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें।
साथ ही बताया कि संसद के मानसून सत्र को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। फिलहाल, NEET विवाद और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा है, जबकि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग के आरोपों से इनकार किया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...