Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

‘मुश्किल समय में उनका साथ नहीं छोड़ूंगा’, शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी का किया समर्थन

June 11, 2026

‘मुश्किल समय में उनका साथ नहीं छोड़ूंगा’, शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी का किया समर्थन

Shatrughan Sinha Support Mamata Banerjee: तृणमूल कांग्रेस (TMC) में चल रहे राजनीतिक संकट और बगावत के बीच पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने साफ कर दिया है कि वह ममता बनर्जी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने उन अटकलों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया जा रहा था कि वह पार्टी के कथित बागी सांसदों के समूह में शामिल हो गए हैं।

पिछले कुछ दिनों से चर्चा थी कि TMC सांसद काकोली घोष दस्तीदार द्वारा तैयार किए गए 20 बागी सांसदों के समूह में शत्रुघ्न सिन्हा का नाम भी शामिल है। हालांकि, गुरुवार को उन्होंने मीडिया के सामने आकर इन खबरों का खंडन किया और ममता बनर्जी के प्रति अपनी निष्ठा दोहराई।

कई दिनों से मेरे बारे में तरह-तरह की बातें की जा रही

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “कई दिनों से मेरे बारे में तरह-तरह की बातें की जा रही हैं। कुछ लोग सही जानकारी दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग अफवाहें फैला रहे हैं। कहा जा रहा है कि मैं बागी गुट में शामिल हो गया हूं। अगर सच बोलना बगावत है, तो मैं खुद को बागी कहने में संकोच नहीं करूंगा।” उन्होंने कहा कि वह हमेशा खुलकर और साफ तौर पर अपनी बात रखते हैं। लेकिन मौजूदा हालात में वह अपनी स्थिति स्पष्ट करना चाहते हैं।

मैं ममता बनर्जी का साथ नहीं छोड़ूंगा- सिन्हा 

शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, “ममता बनर्जी ने मेरे कठिन समय में मेरा साथ दिया था। जब मैं मुश्किलों में था, तब उन्होंने मेरा समर्थन किया। इसलिए आज जब वह खुद कठिन दौर से गुजर रही हैं, तो मैं उनका साथ नहीं छोड़ सकता।” उन्होंने आगे कहा, “मैं तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिन्ह ‘जोड़ा फूल’ पर दो बार चुनाव जीतकर संसद पहुंचा हूं। ऐसे में मेरा कर्तव्य और जिम्मेदारी है कि मैं ममता बनर्जी के साथ खड़ा रहूं।” TMC सांसद ने यह भी स्वीकार किया कि पार्टी के कई नेता और सांसद अलग रास्ता चुन चुके हैं, लेकिन उन्होंने उनके प्रति भी सम्मान जताया। उन्होंने कहा, “जो लोग पार्टी छोड़कर गए हैं, वे भी मेरे मित्र हैं और अच्छे लोग हैं। मैं उनका सम्मान करता हूं।”

BJP में दिया पार्टी में शामिल होने का न्योता 

शत्रुघ्न सिन्हा ने यह भी बताया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) सहित कई लोगों ने उन्हें अपने साथ आने या बागी गुट में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। हालांकि उन्होंने ऐसा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जिन्होंने मुझे अपने साथ जुड़ने का प्रस्ताव दिया। मेरा मानना है कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए।”

पीएम मोदी को बधाई दी 

गौरतलब है कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल का कार्यकाल पूरा होने पर शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें बधाई दी थी। इसके बाद उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई थीं। हालांकि अब उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वह फिलहाल ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के साथ ही बने रहेंगे। TMC में जारी अंदरूनी कलह के बीच शत्रुघ्न सिन्हा का यह बयान ममता बनर्जी के लिए राहत भरा माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी के कई नेताओं और सांसदों के इस्तीफों तथा बगावती गतिविधियों से संगठन पर दबाव बढ़ा हुआ है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें