
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने शुक्रवार को एक वीडियो संदेश जारी कर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और अपनी पार्टी के बागी नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने और परेशान करने की कोशिश कर रही है। ममता बनर्जी ने कहा कि अगर कोई उन्हें या उनकी पार्टी को खत्म करना चाहता है, तो पहले उन्हें मारना होगा।
वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने कहा, “अगर मुझे चुप कराना है या टीएमसी को खत्म करना है, तो पहले मुझे मारना होगा। मैं डरने वाली नहीं हूं और आखिरी सांस तक लोगों के लिए लड़ती रहूंगी।”
ममता बनर्जी ने दावा किया कि बीजेपी लगातार टीएमसी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का अपमान किया गया और उन पर हमले किए गए। इस दौरान उन्होंने महुआ मोइत्रा, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी का नाम लेते हुए कहा कि इन नेताओं को भी परेशान किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके घर को भी निशाना बनाया गया।
ममता बनर्जी ने अपने वीडियो संदेश में यह भी दावा किया कि जेल में बंद उनके कई सहयोगियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उनके मुताबिक, कुछ नेताओं को फर्श पर सोने के लिए मजबूर किया गया, कुछ को कमर में रस्सी और पैरों में हथकड़ियां लगाकर घुमाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोगों का सिर मुंडवा दिया गया और उनके साथ ऐसा व्यवहार किया गया, जिसका जिक्र करना भी शर्मनाक है। इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
ममता बनर्जी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब टीएमसी के भीतर लगातार अंदरूनी मतभेद और बगावत की खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी को पार्टी के कई विधायकों का समर्थन मिल रहा है, जिससे पार्टी में टूट की चर्चा तेज हो गई है।
इस बीच, गुरुवार को टीएमसी के तीन पूर्व सांसद सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर राय और प्रकाश चिक बराइक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। कोलकाता के साल्ट लेक स्थित बीजेपी कार्यालय में तीनों नेताओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इससे पहले गुरुवार को भी ममता बनर्जी ने बागी नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्हें “गद्दार” बताया था। उन्होंने कहा कि जो नेता टीएमसी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं, जनता उन्हें माफ नहीं करेगी।
उन्होंने नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि “दो नावों पर सवार होने की कोशिश न करें। अभी भी समय है कि सही फैसला लें और जनता के हित में काम करें।” ममता बनर्जी के इस वीडियो संदेश को टीएमसी के भीतर बढ़ते राजनीतिक संकट और आगामी चुनावी तैयारियों के बीच एक अहम राजनीतिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...