नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर के देबरा में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सभा में पहुंचे लोगों से अपील की कि आप लोगों को 23 अप्रैल को मतदान करना है और कमल के निशान का बटन दबाना है। शाह ने कहा कि घुसपैठिये हमारे युवाओं की नौकरी खा रहे हैं। शाह ने कहा कि 5 मई के बाद इन सभी को चुन चुनकर बाहर निकालेंगे।
ममता बनर्जी पर साधा निशाना
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ‘मां, माटी और मानुष’ के नारे के साथ सत्ता में आईं। हालांकि, उन्होंने हमारे युवाओं को बेरोजगार छोड़ दिया है, महिलाओं पर अनेक अत्याचार किए हैं और किसानों का जीवन कठिन बना दिया है। प्रशासन की रिश्वतखोरी और गिरोह संचालन की वजह से पूरा बंगाल राज्य पीड़ित है। ममता बनर्जी ने हमारे युवाओं को बेरोजगार किया, लाठियां भांजी, बहनों पर अत्याचार किया, किसानों को परेशान किया और अब कटमनी और सिंडिकेट से पूरे बंगाल को परेशान कर रही हैं। अब आपको इस कटमनी और सिंडिकेट से मुक्ति पानी है, घुसपैठिया मुक्त बंगाल बनाना है।
ये घुसपैठिये हमारे युवाओं की नौकरी खा रहे: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि भाजपा चाहती है कि बंगाल को घुसपैठियों से मुक्त कर दे, लेकिन ममता बनर्जी इन्हें संभालकर रखना चाहती हैं। ममता दीदी, जितना जोर लगाना है, लगा दो, हम एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बंगाल से बाहर निकालेंगे। ये घुसपैठिये हमारे युवाओं की नौकरी खा रहे हैं, गरीबों का चावल हजम कर रहे हैं और यहां गुंडागर्दी कर रहे हैं। ममता बनर्जी नहीं चाहतीं कि बंगाल से घुसपैठिये जाएं। मगर मैं आज कहकर जाता हूं कि चुनाव के बाद पूरे बंगाल से एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुनकर बाहर करने का काम भाजपा करेगी।
सिंडिकेट पर भी कसेंगें शिकंजा: शाह
उन्होंने कहा कि सिंडिकेट यहां सभी को परेशान करता है। सीमेंट, बालू या पंखा खरीदना हो, तो हर जगह सिंडिकेट है। एक बार कमल के फूल का बटन दबा दीजिए, इस पूरे सिंडिकेट को गंगा नदी में डालने का काम भाजपा करेगी। मैं यहां ममता बनर्जी की ओर से अत्याचार कर रहे गुंडों से कहना चाहता हूं कि अपनी-अपनी जगह तय कर लो कि 5 मई के बाद कहां जाना है, क्योंकि भाजपा की सरकार आने वाली है। जो 5 तारीख के बाद यहां जनता को परेशान करेगा, उसको जेल की सलाखों में डालने का काम हम करेंगे।

