Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

जेपी नड्डा और अमित शाह की बैठक,भाजपा खेमे ने जीत के जश्न की तैयारी शुरू की

June 3, 2024

जेपी नड्डा और अमित शाह की बैठक,भाजपा खेमे ने जीत के जश्न की तैयारी शुरू की

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के सात चरणों के मतदान के बाद मतों की गिनती मंगलवार को होनी है। इससे पहले भाजपा खेमे ने जीत के जश्न की तैयारी भी शुरू कर दी है। इसके लिए पार्टी में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक चल रही है जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि मतगणना के दिन यानी मंगलवार को मनाए जाने वाले जश्न की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज दिन में भाजपा मुख्यालय में भी एक महत्वपूर्ण बैठक हो सकती है। मंगलवार सुबह के कुछ घंटों के दौरान भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया क्या रहेगी और उन्हें किन मुद्दों पर फोकस करना है, इस पर भाजपा आज ही रणनीति तय करेगी। साथ ही नतीजों की घोषणा के बाद मंगलवार शाम को मनाए जाने वाले जश्न की रूपरेखा भी पार्टी आज ही तय करेगी।

पिछले लोकसभा चुनावों की परंपरा को देखते हुए यह तय माना जा रहा है कि चुनाव परिणाम स्पष्ट होने के बाद मंगलवार शाम को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पीएम रोड शो करते हुए भाजपा मुख्यालय पहुंचेंगे। अपने संबोधन के दौरान वह एक बार फिर से एनडीए की सरकार बनाने के लिए देश के मतदाताओं का आभार जताते हुए मेहनत करने के लिए भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं को धन्यवाद भी देंगे।

एग्जिट पोल में बड़ी जीत मिलने के अनुमान से उत्साहित भाजपा के आला नेताओं ने पहले से ही भविष्य की रणनीति बनानी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं रविवार को ताबड़तोड़ सात अलग-अलग बैठकें कीं। पीएम ने देशभर में गर्मी के हालात के साथ-साथ पूवरेत्तर में चक्रवात के बाद आई बाढ़ के हालात की भी समीक्षा की और साथ ही नई सरकार के पहले 100 दिन के एजेंडे पर भी विचार-मंथन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को ही भाजपा अध्यक्ष नड्डा और गृह मंत्री शाह के साथ अपने आवास पर महत्वपूर्ण बैठक की थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें