Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

जेपी नड्डा आज शाम पहुंचेंगे पटना, भाजपा ने की बिहार में एनडीए सरकार बनाने की घोषणा

January 28, 2024

जेपी नड्डा आज शाम पहुंचेंगे पटना, भाजपा ने की बिहार में एनडीए सरकार बनाने की घोषणा

नई दिल्ली/पटना। महागठबंधन के नेता के तौर पर नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यपाल द्वारा उनका इस्तीफा स्वीकार कर लेने के बाद भाजपा ने पटना में अपने विधायक दल की बैठक बुलाकर बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार बनाने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। बिहार भाजपा विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को नेता और विजय कुमार सिन्हा को उपनेता चुना गया है। अब भाजपा, जेडीयू और हम के विधायक दल की संयुक्त बैठक में सरकार का नेता चुना जाएगा और इसके बाद एनडीए गठबंधन के नेता बिहार के राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

इस बीच पार्टी सूत्रों से खबर आ रही है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज शाम ही पटना पहुंच सकते हैं। नड्डा के आज शाम को ही पटना पहुंचने की खबर सामने आने के बाद यह माना जा रहा है कि बिहार की नई सरकार आज ही शपथ ले सकती है।

इससे पहले नीतीश कुमार ने रविवार को राजभवन पहुंचकर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। राजभवन से इस्तीफा सौंप कर वापस आने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। महागठबंधन की सरकार समाप्त हो गई है।

उन्होंने आगे कहा कि सरकार चलाने में दिक्कत आ रही थी, परेशानी हो रही थी। पार्टी के लोग और इधर उधर से भी सुनने को मिल रहा था, जिसके बाद यह फैसला लिया गया। उन्होंने इंडिया गठबंधन को लेकर भी कहा कि एक नया गठबंधन बड़ी मेहनत कर बनाई गई थी लेकिन उसमें कोई काम नही हो रहा था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें