Site icon Dainik Savera Times

‘मोदी जैसे ट्रंप के दबाव में, वैसे ही सरमा उनके कंट्रोल में’, असम रैली में राहुल गांधी का हमला

Rahul Gandhi Keralam rally

Rahul Gandhi Keralam rally

नेशनल डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने असम में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा पर तीखा हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री मोदी को कंट्रोल करते हैं।

उनके अनुसार, ट्रंप जो कहते हैं, मोदी वही करते हैं, क्योंकि उन्हें लगता है कि ट्रंप उनके भविष्य को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जैसे ट्रंप मोदी पर दबाव डालते हैं, वैसे ही मोदी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को कंट्रोल करते हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, मोदी को सरमा के “भ्रष्टाचार और अपराध” से जुड़ी बातें पता हैं, इसलिए वे उनसे कुछ भी करवा सकते हैं।

राहुल गांधी ने सरमा पर लगाए गंभीर आरोप

रैली में राहुल गांधी ने सरमा पर आरोप लगाया कि वे चुनाव से पहले राज्य में नफरत फैलाने और लोगों को डराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह असम की संस्कृति के खिलाफ है, जहां हमेशा लोगों को जोड़ने और सम्मान देने की परंपरा रही है। राहुल गांधी ने असम के महान लोगों जैसे शंकर देव, भूपेन हजारिका, ज्योति प्रसाद अग्रवाल, तरुण गोगोई और जुबीन गर्ग का जिक्र करते हुए कहा कि इन सभी ने समाज में प्यार, एकता और सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि असम की असली पहचान लोगों को जोड़ने और मिलजुलकर रहने में है, लेकिन आज की सरकार उस भावना के खिलाफ काम कर रही है।

कब होंगे असम चुनाव?

असम की 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में वोटिंग होगी, जबकि 4 मई को मतगणना की जाएगी। इस चुनाव में सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

Exit mobile version