Site icon Dainik Savera Times

डिलिमिटेशन बिल पर किरेन रिजिजू ने नहीं खोले पत्ते, बोले- संसद में लाएंगे बहुत जरूरी काम; सांसदों से की खास अपील

Kiren Rijiju did not open the papers on the delimitation bill

Kiren Rijiju did not open the papers on the delimitation bill

नई दिल्ली: संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले डिलिमिटेशन बिल को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिल को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार संसद में बहुत जरूरी कामकाज लेकर आएगी और इसकी पूरी जानकारी बाद में दी जाएगी। साथ ही उन्होंने सभी सांसदों से सदन की कार्यवाही में सकारात्मक और जिम्मेदारी के साथ हिस्सा लेने की अपील की है।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार इस सत्र में कई जरूरी मुद्दों पर काम करेगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि डिलिमिटेशन बिल संसद में पेश किया जाएगा या नहीं। डिलिमिटेशन बिल को लेकर लगातार उठ रहे सवालों पर रिजिजू ने कहा कि सत्र के दौरान कौन-कौन से विधेयक पेश किए जाएंगे, इसकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी। फिलहाल इतना कहा जा सकता है कि सरकार संसद में बेहद जरूरी कामकाज लेकर आने वाली है।

उन्होंने सभी सांसदों से अपील की कि वे संसद की कार्यवाही में रचनात्मक तरीके से हिस्सा लें। रिजिजू ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और पूरी दुनिया की नजर हमारी संसदीय कार्यवाही पर रहती है। ऐसे में संसद को जिम्मेदारी के साथ चलाना सभी सांसदों का कर्तव्य है।

विपक्ष के सवालों पर रिजिजू ने दिया जवाब

संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने पर विपक्षी दलों की ओर से उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए रिजिजू ने कहा कि संसद में पूरे साल अलग-अलग सत्र आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि आमतौर पर संसद में बजट सत्र, मानसून सत्र और शीतकालीन सत्र होते हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर विशेष सत्र भी बुलाए जा सकते हैं। इसलिए विशेष सत्र बुलाने को लेकर किसी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए।

रिजिजू ने राजनीतिक दलों के नेताओं से ऐसे बयान देने से बचने की अपील की, जिनसे संसद की कार्यवाही प्रभावित हो सकती है। उन्होंने कहा कि सांसदों को संसद में अपनी बात रखने और सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है, लेकिन सदन का सुचारु रूप से चलना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

डिलिमिटेशन बिल पर क्यों बना हुआ है सस्पेंस?

दरअसल, संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि केंद्र सरकार डिलिमिटेशन से जुड़ा विधेयक पेश कर सकती है। डिलिमिटेशन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करना है। इसके तहत निर्वाचन क्षेत्रों का पुनर्गठन किया जाता है। प्रस्तावित योजना में लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की बात भी सामने आई है।

इस मुद्दे को महिला आरक्षण से भी जोड़ा जा रहा है। विपक्षी दलों का कहना है कि महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए डिलिमिटेशन को जरूरी शर्त बनाना उचित नहीं है। हालांकि, केंद्र सरकार ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि विशेष सत्र में डिलिमिटेशन बिल पेश होगा या नहीं। इसी वजह से राजनीतिक दलों के बीच इस मुद्दे को लेकर अटकलें जारी हैं।

30 नवंबर से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

लोकसभा सचिवालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण 30 नवंबर से शुरू होगा। सरकारी कामकाज की जरूरतों के अनुसार इसके 3 दिसंबर को समाप्त होने की संभावना है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने पहले भी बताया था कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से दोनों सदनों की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। इसके तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू करने का प्रस्ताव है। सरकार का कहना है कि इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा।

सुप्रिया सुले बोलीं- बिल देखा नहीं, अभी कुछ नहीं कह सकती

डिलिमिटेशन बिल को लेकर विपक्षी दलों की प्रतिक्रिया भी सामने आने लगी है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि विशेष सत्र की घोषणा तो हो गई है, लेकिन उन्हें अभी तक इसका एजेंडा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रस्तावित बिल भी नहीं देखा है। ऐसे में बिना बिल पढ़े इस पर कोई टिप्पणी करना सही नहीं होगा। सुप्रिया सुले के मुताबिक, जब तक उन्हें विधेयक की पूरी जानकारी नहीं मिलती, तब तक वह इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट नहीं कर सकतीं।

Exit mobile version