नेशनल डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के सप्तग्राम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में BJP की सरकार बनती है, तो “लव जिहाद” और “लैंड जिहाद” जैसे मुद्दों को खत्म कर दिया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि BJP सरकार बनने के बाद राज्य में कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे किसानों, सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों को फायदा होगा। उन्होंने वादा किया कि सरकारी कर्मचारियों को 7वें वेतन आयोग और महंगाई भत्ते (DA) का लाभ दिया जाएगा। किसानों को मिलने वाली किसान सम्मान निधि को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये किया जाएगा।
इसके अलावा विधवाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए पेंशन 2,000 रुपये प्रति माह करने की भी बात कही गई। उन्होंने कहा कि BJP “सिंडिकेट राज” को खत्म करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी अमित शाह ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “आतंकवादी” कहना गलत है और जनता इसका जवाब देगी।
अमित शाह ने एक बार फिर “घुसपैठ” का मुद्दा उठाते हुए कहा कि BJP देश को घुसपैठियों से मुक्त कराएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए नौकरियां छीन रहे हैं और देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं।बॉर्डर फेंसिंग को लेकर भी उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीमा सुरक्षा बल (BSF) को बाड़ लगाने के लिए 600 एकड़ जमीन चाहिए, लेकिन राज्य सरकार यह जमीन नहीं दे रही है। उन्होंने वादा किया कि BJP सरकार बनने पर 45 दिनों के अंदर यह जमीन उपलब्ध कराई जाएगी।
अमित शाह ने ममता बनर्जी पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कहा कि कई घोटालों में शामिल लोगों से पैसा वापस लिया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना डर के वोट दें और “गुंडाराज” खत्म करने में सहयोग करें। महिलाओं की सुरक्षा पर भी उन्होंने राज्य सरकार की आलोचना की और कहा कि BJP सरकार बनने पर महिलाएं दिन-रात सुरक्षित महसूस करेंगी। उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33% आरक्षण देने और बेरोजगार युवाओं व महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये देने का वादा किया। साथ ही महिलाओं के लिए सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की भी घोषणा की।
पश्चिम बंगाल में 294 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी। इस चुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और BJP के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...