Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख बावनकुले ने मुख्यमंत्री पद को लेकर रुख स्पष्ट करने के लिए शिंदे की सराहना की

November 27, 2024

महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख बावनकुले ने मुख्यमंत्री पद को लेकर रुख स्पष्ट करने के लिए शिंदे की सराहना की

Maharashtra News : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने बुधवार को महायुति सहयोगी एकनाथ शिंदे को यह कहने के लिए धन्यवाद दिया कि राज्य के अगले मुख्यमंत्री पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का फैसला उन्हें स्वीकार्य होगा।
कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिंदे द्वारा अपना रुख स्पष्ट किए जाने के तुरंत बाद बावनकुले ने नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए विपक्ष पर अफवाह फैलाने और शिंदे के चरित्र पर आक्षेप लगाने का आरोप लगाया।

मैं शिंदे को धन्यवाद देना चाहता हूं – बावनकुले
भाजपा नेता बावनकुले ने कहा, ‘‘मैं शिंदे को धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने आज मुख्यमंत्री पद पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया। उन्होंने एक महत्वपूर्ण रुख अपनाया है। मुझे उन पर गर्व है।’’ बावनकुले ने महाराष्ट्र की प्रगति के प्रति शिंदे की प्रतिबद्धता की भी प्रशंसा की और नागपुर-मुंबई समृद्धि एक्सप्रेस-वे के पूरा होने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला।

शिंदे ने ‘‘डबल इंजन’’ सरकार की असली ताकत का किया प्रदर्शन
बावनकुले ने कहा, ‘‘उन्होंने (शिंदे) महाराष्ट्र की बेहतरी के लिए बहुत प्रयास किए। उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर अच्छा काम किया।’’ उन्होंने कहा कि 2019 में शिवसेना नेता के तौर पर शिंदे को बहुत दुख हुआ होगा जब संयुक्त शिवसेना के तत्कालीन प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया था।
बावनकुले ने कहा कि मुख्यमंत्री के तौर पर शिंदे ने ‘‘डबल इंजन’’ सरकार की असली ताकत का प्रदर्शन किया। उन्होंने व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं पर राज्य के विकास को प्राथमिकता देने की शिंदे की इच्छा की भी सराहना की।

14 करोड़ लोगों की बेहतरी के लिए लड़ रहे थे
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘हमने सहयोगी के तौर पर जो भी मांगा, उन्होंने हमारी मांगों को स्वीकार किया और हमारी उम्मीदों का सम्मान किया।’’
उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) का हिस्सा कांग्रेस के पास चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के आठ उम्मीदवार थे। उन्होंने कहा, ‘‘एमवीए घटक दल मुख्यमंत्री बनने के लिए चुनाव लड़ रहे थे और हम महाराष्ट्र के 14 करोड़ लोगों की बेहतरी के लिए लड़ रहे थे।’’

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें