नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में चुनावी रैली के दौरान तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 4 मई को चुनाव के नतीजों के साथ ही TMC के “सिंडिकेट” और “जंगल राज” का अंत हो जाएगा।
“4 मई होगी बदलाव की तारीख”
PM मोदी ने कहा कि 4 मई को नतीजे आने के बाद गलत काम करने वालों से हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि राज्य में बदलाव की लहर चल रही है और लोग अब TMC सरकार से परेशान हो चुके हैं।
महिलाओं और युवाओं का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार चुनाव में महिलाएं और युवा बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं और TMC के खिलाफ खड़े हैं। उनके मुताबिक, ज्यादा वोटिंग इस बात का संकेत है कि “डर खत्म हो रहा है और भरोसा जीत रहा है।” पीएम मोदी ने TMC पर आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बिना रिश्वत के कोई काम नहीं होता और हर जगह “सिंडिकेट राज” चलता है।
महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाया
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ हुई घटनाएं बहुत चिंताजनक हैं और TMC सरकार पर आरोप लगाया कि वह दोषियों को संरक्षण देती है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को 33% आरक्षण देने के पक्ष में है।
विकास के वादे भी किए
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनती है, तो, मछुआरों की आमदनी बढ़ाई जाएगी। मछली को बड़े बाजारों और विदेशों तक पहुंचाया जाएगा। “ब्लू इकॉनमी” को बढ़ावा दिया जाएगा।मछुआरों को बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने मथुरापुर के ‘भांगा मेला’ को भी विकसित करने का वादा किया।
वोटिंग का हाल
पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 सीटों पर दोपहर तक 77% से ज्यादा वोटिंग हो चुकी थी। बाकी सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को नतीजे आएंगे। चुनाव के करीब आते ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी बदलाव का दावा कर रही है, जबकि TMC सत्ता में बने रहने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। 4 मई को साफ हो जाएगा कि जनता किसके साथ खड़ी है।

