Site icon Dainik Savera Times

मायावती का आकाश पर हमला, बोलीं- अभी भी अशोक सिद्धार्थ के कहे पर चल रहे

Mayawati attacks Akashsay He still following instructions of Ashok Siddhartha

Mayawati attacks Akashsay He still following instructions of Ashok Siddhartha

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने रविवार को अपने अस्वस्थ होने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि वह पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपने काम में लगी हुई हैं। साथ ही उन्होंने पार्टी से निष्कासित आकाश आनंद पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि वह अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहे हैं और अपने ससुर व पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ के इशारे पर चल रहे हैं।

मायावती ने बसपा कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव को लेकर पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया। मायावती ने कहा कि पिछले एक-दो दिनों से पार्टी से निकाले गए कुछ लोगों की ओर से कार्यकर्ताओं के बीच यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि वह बीमार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सही जानकारी देने के लिए उन्हें स्वयं सामने आना पड़ा।

फोन कॉल का जिक्र कर क्या बोली बसपा प्रमुख

बसपा प्रमुख ने शनिवार रात हुई कथित फोन कॉल का जिक्र करते हुए कहा कि उनके आवास पर पार्टी इंचार्ज आलोक कुमार के फोन पर आकाश आनंद का फोन आया था। आकाश आनंद ने पूछा कि क्या बहन जी अस्वस्थ हैं। इस पर आलोक कुमार ने जवाब दिया कि मायावती पूरी तरह स्वस्थ हैं और अपना काम कर रही हैं।

मायावती ने बताया कि इसके बाद आकाश आनंद ने कहा कि उनकी इस कॉल के बारे में बहन जी को नहीं बताया जाए। उन्होंने कहा कि इस फोन कॉल की मंशा अच्छी भी हो सकती है और गलत भी लेकिन यह सोचने का विषय है कि आखिर ऐसी बात क्यों कही गई। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद अभी भी अपने दिमाग से काम नहीं कर रहा है। वह अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से काम कर रहा है।”

कार्यकर्ता पार्टी मूवमेंट में हमेशा पूरी तरह जुटे रहें

मायावती ने कहा कि पार्टी और मूवमेंट के हित में हाल के दिनों में उनके द्वारा लिए गए कड़े फैसलों से बसपा को लाभ ही हुआ है, नुकसान नहीं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे पार्टी मूवमेंट में हमेशा पूरी तरह जुटे रहें और आगामी चुनाव की तैयारियों में युद्ध स्तर पर लग जाएं। बसपा प्रमुख ने बताया कि तीन सितंबर को पार्टी की बैठक बुलाई गई थी, जो काफी लंबी चली। इसमें संगठन के काम को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए पार्टी को तीन सेक्टर में बांटने का फैसला लिया गया। उन्होंने बताया कि पहले सेक्टर में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है, जिसकी जिम्मेदारी उनके दिशानिर्देश में देखी जा रही है। अन्य क्षेत्रों को भी अलग-अलग सेक्टर में बांटा गया है।

संबंधित सेक्टरों के केंद्रीय सेक्टर प्रभारी दिल्ली जाकर अपनी रिपोर्ट देते रहेंगे। मायावती ने कहा कि आनंद कुमार पार्टी के कामकाज की प्रगति रिपोर्ट लेते रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य सेक्टर प्रभारी का पद समाप्त कर दिया गया है और अब उनके काम की सीधी रिपोर्ट पार्टी के उपाध्यक्ष आनंद कुमार उन्हें देंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी हित में लिए गए इन फैसलों से संगठन को मजबूत करने और पार्टी के मिशन को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि मायावती ने हाल ही में आकाश आनंद को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक पद से हटाने के बाद बसपा से निष्कासित कर दिया था। वहीं, उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ ने भी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी।

मायावती ने दिल्ली घोषणापत्र का स्वागत किया

मायावती ने दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान जारी 140 पैराग्राफ वाले दिल्ली घोषणापत्र का स्वागत किया। उन्होंने इसे भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि घोषणापत्र में फिलिस्तीन के लिए दो-देश समाधान और 1967 की सीमाओं के आधार पर स्वतंत्र फिलिस्तीनी राष्ट्र के समर्थन को जगह दी गई है। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए आतंकवाद से हर संभव तरीके से निपटने की प्रतिबद्धता का भी स्वागत किया और कहा कि इसमें भारत के दृष्टिकोण को उचित स्थान मिला है।

भारत-चीन संबंधों पर मायावती ने कहा कि दोनों देशों के बीच मतभेदों को विवाद में बदलने से रोकना और एक-दूसरे को विकास में भागीदार मानना सकारात्मक दृष्टिकोण है। उन्होंने कहा कि इसके परिणामों का उचित मूल्यांकन आने वाले समय में होगा। बसपा प्रमुख ने कहा कि दोनों देशों के बीच सीमा विवाद को भी आपसी बातचीत के जरिए जितनी जल्दी संभव हो, सुलझा लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

Exit mobile version