Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

Meghalaya के प्रधान सचिव उज़्बेकिस्तान के होटल में मृत मिले

April 8, 2025

Meghalaya के प्रधान सचिव उज़्बेकिस्तान के होटल में मृत मिले

शिलांग : मेघालय सरकार के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी सोमवार को उज़्बेकिस्तान के एक होटल के कमरे में कथित तौर पर मृत पाए गए। वह निजी दौरे पर वहां गए थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि रजी भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के अधिकारी थे और वर्ष 2021 से मेघालय सरकार में प्रतिनियुक्ति पर कार्यरत थे। वह चार अप्रैल से उज़्बेकिस्तान के बुखारा शहर में ठहरे हुए थे। अधिकारियों के अनुसार ऐसा संदेह है कि उनकी मृत्यु हृदयाघात से हुई।

एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह जब उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका, तो होटल कर्मचारी ने उनके कमरे का दरवाज़ा तोड़ा जहां वह मृत अवस्था में पाए गए। मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने मीडिया को बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं और रजी की पत्नी बुखारा के लिए रवाना हो चुकी हैं।

हर जिम्मेदारी को आत्मीयता से निभाते

मुख्यमंत्री संगमा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, आईआरटीएस अधिकारी और मेघालय सरकार के प्रधान सचिव सैयद मोहम्मद ए. रजी के असमय निधन से अत्यंत दुखी हूं। उन्होंने कहा, रजी की असाधारण कार्यकुशलता और अटूट समर्पण उनके द्वारा संभाले गए हर विभाग में स्पष्ट रूप से देखने को मिले।

वह हर जिम्मेदारी को आत्मीयता से निभाते थे, जिससे सहयोगियों को प्रेरणा मिलती थी। काम के प्रति समर्पण के अलावा, वह एक मिलनसार और खुशमिजाज़ व्यक्तित्व के धनी थे, जो हर किसी के जीवन में रोशनी लेकर आते थे। वह सहकर्मियों के बीच बेहद प्रिय और सम्मानित थे। उनका जाना हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें